स्पेशल डेस्क: हिमाचल युवा कांग्रेस के प्रदेशध्यक्ष पद के नतीजे घोषित हो गए। जनजातीय जिला किन्नौर से ताल्लुक रखने वाले निगम भंडारी ने इस चुनाव में बाज़ी मारी है। उन्हें कुल 40,010 मत मिले हैं। वह पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के विरोधी धड़े के सुक्खू,कौल सिंह, जीएस बाली व रोहित ठाकुर इत्यादि नेताओं की पसंद बताए जाते हैं। वहीं पूरे मुकाबले में दूसरे नंबर पर वीरभद्र सिंह के करीबी व सरकाघाट निवासी यदुपति ठाकुर रहे। यदुपति को 37,375 मत प्राप्त हुए। इसी के साथ अमित पठानिया 5,998 वोटों के साथ तीसरे पायदान पर रहे।
अब युवा कांग्रेस के संविधान के मुताबिक कांग्रेस हाईकमान इन तीनों के साक्षात्कार लेगा और उसके बाद युकां प्रदेश अध्यक्ष विधिवत तौर पर घोषित कर दिया जाएगा। निगम भंडारी एनएसयूआई (NSUI) हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के इकाई अध्यक्ष, राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय महासचिव व एआईसीसी ऑब्जर्वर रह चुके हैं। ऐसे में साक्षात्कार के बाद राज्य युकां अध्यक्ष के लिए वह हाईकमान की पहली पसंद हो सकते हैं। युकां प्रदेश अध्यक्ष सहित राज्य कार्यकारिणी, जिला व विस क्षेत्रों की कार्यकारिणी के चुनाव परिणाम भी घोषित कर अखिल भारतीय युवा कांग्रेस की वेबसाइट में डाल दिये गए हैं।

