हिमाचल प्रदेश के युवा प्रतिनिधि एवं यूथ डेवलपमेंट प्रोफेशनल ललित कुमार डोगरा का रूस में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय युवा महोत्सव 2026 के लिए फुली फंडेड इंटरनेशनल डेलीगेट के रूप में चयन हुआ है। यह अंतरराष्ट्रीय युवा आयोजन दुनिया के 191 देशों से लगभग 10,000 युवाओं को एक मंच पर ला रहा है, जहां युवा नेतृत्व, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, संवाद और विचारों के साझाकरण पर व्यापक चर्चा होगी।
इसका आयोजन 11 से 17 सितंबर 2026 तक रूस के येकातेरिनबर्ग में किया जा रहा है। इसके बाद 1000 प्रतिभागियों के लिए रूस के विभिन्न क्षेत्रों में क्षेत्रिय कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ललित कुमार डोगरा मुख्य महोत्सव में भाग लेने के साथ-साथ रूस के उत्तरी क्षेत्र स्थित Vologda Region में आयोजित क्षेत्रिय कार्यक्रम में भी शामिल होंगे, जहां उन्हें विभिन्न देशों के युवा प्रतिनिधियों, स्थानीय समुदायों और युवा पहलों के साथ संवाद करने तथा क्षेत्रीय विकास, संस्कृति, नवाचार और सामुदायिक पहलों को समझने का अवसर मिलेगा।
इस अवसर पर ललित कुमार डोगरा ने कहा, “भारत और हिमाचल प्रदेश के युवाओं की आवाज और आकांक्षाओं को अंतरराष्ट्रीय युवा मंच तक ले जाना मेरे लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी जिम्मेदारी है। मैं दुनिया के विभिन्न देशों के युवाओं से सीखने, भारत के अनुभवों को साझा करने और ऐसे विचारों एवं सहयोग को वापस लाने का प्रयास करूंगा, जो हमारे युवाओं और समुदायों के लिए सार्थक अवसर पैदा कर सकें।”
ललित कुमार डोगरा का फुली फंडेड डेलीगेट के रूप में चयन हिमाचल प्रदेश और भारत के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी भागीदारी के माध्यम से हिमाचल प्रदेश के युवाओं के अनुभव, आकांक्षाओं और दृष्टिकोण को वैश्विक संवाद का हिस्सा बनाने का अवसर मिलेगा। साथ ही, वे भारत के युवा दृष्टिकोण को अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों के सामने रखने और विभिन्न देशों में युवाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों से सीखने का अवसर प्राप्त करेंगे।
डोगरा वर्तमान में National Institute of Urban Affairs (NIUA) के Urban Youth Unit (UYU) से जुड़े हुए हैं और युवा भागीदारी, शहरी विकास, नेतृत्व तथा युवा-केंद्रित पहलों के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उनकी अंतरराष्ट्रीय भागीदारी वैश्विक मंचों पर भारतीय युवाओं के बढ़ते प्रतिनिधित्व और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर युवा नेटवर्क एवं सहयोग को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
भारत के लिए ऐसे अंतरराष्ट्रीय युवा मंचों पर भारतीय प्रतिनिधियों की भागीदारी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे भारतीय युवाओं की वैश्विक पहचान और भागीदारी मजबूत होती है। अंतरराष्ट्रीय अनुभव, नए विचार, वैश्विक नेटवर्क और संभावित सहयोग भारत में युवा-केंद्रित पहलों, समुदायों और संस्थानों के लिए आगे उपयोगी साबित हो सकते हैं।
ललित कुमार डोगरा का चयन हिमाचल प्रदेश और देश के युवाओं के लिए यह संदेश देता है कि स्थानीय स्तर पर काम करने वाला युवा भी वैश्विक मंच तक पहुंच सकता है, भारत का प्रतिनिधित्व कर सकता है और दुनिया के युवाओं के साथ मिलकर भविष्य की दिशा तय करने में योगदान दे सकता है। हिमाचल की पहाड़ियों से रूस के अंतरराष्ट्रीय युवा मंच तक ललित कुमार डोगरा की यह यात्रा भारतीय युवा शक्ति के बढ़ते आत्मविश्वास, क्षमता और वैश्विक नेतृत्व की ओर बढ़ते कदम का प्रतीक है।