संवाददाता,शिमला: कोरोना संक्रमण ने हिमाचल प्रदेश को बड़ा झटका दिया है। कोरोना संक्रमित हुए प्रसिद्ध साहित्यकार 85 वर्षीय छेरिंग दोरजे का आज सुबह निधन हो गया। छेरिंग दोरजे ने साहित्य के क्षेत्र में दुनियाभर में नाम कमाया था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहुल स्पीति को एक अलग पहचान दिलाई थी। अटल टनल रोहतांग के निर्माण में भी उनका अहम योगदान रहा है।
छेरिंग दोरजे गत दिनों कोरोना महामारी की चपेट में आ गए थे। उनका 10 नवंबर को कुल्लू अस्पताल में कोरोना टेस्ट करवाया गया था जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उसके बाद वह भुंतर स्थित तेगूबेहड़ कोरोना केयर सेंटर में उपचाराधीन थे। वहीं, 12 नवंबर की रात तबीयत बिगडऩे पर उन्हें मेडिकल कॉलेज नेरचौक रेफर किया गया था।
जहां शुक्रवार सुबह उनका निधन हो गया। उनके बड़े बेटे भी कोरोना संक्रमित थे। बेटे के संपर्क में आने के कारण वह भी कोरोना संक्रमित हो गए। वहीं बेटे ने तो कोरोना से जंग जीत ली लेकिन छेरिंग दोरजे इस महामारी की लड़ाई में हार गए।







