पीएम मोदी ने कहा कि आप हैं तो देश है, देश के लोगों की खुशियां हैं। देश के ये त्योहार हैं आपके लिए प्यार लेकर आया हूं, आशीष लेकर आया हूं। मैं आज उन वीर माताओं-बहनों और बच्चों को भी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं, उनके त्याग को नमन करता हूं, जिनके अपने सरहद पर हैं।
पीएम मोदी ने कहा कि देश की सरहद पर अगर किसी एक पोस्ट का नाम देश के सबसे ज़्यादा लोगों को याद होगा, अनेक पीढ़ियों को याद होगा, उस पोस्ट का नाम लोंगेवाला पोस्ट है। इस पोस्ट पर आपके साथियों ने शौर्य की एक ऐसी गाथा लिख दी है जो आज भी हर भारतीय के दिल को जोश से भर देती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने पाकिस्तान के खिलाफ 1971 के युद्ध में ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी के पराक्रम को सलाम किया। पाकिस्तान के खिलाफ 1971 का युद्ध थल सेना, नौसेना और वायुसेना के बीच अनुकरणीय समन्वय का उदाहरण था। दुनिया की कोई भी ताकत हमारे सैनिकों को हमारी सीमाओं की रक्षा करने से नहीं रोक सकती है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारे सैनिकों ने पाकिस्तानी सैनिकों को मुंहतोड़ जवाब दिया था। पीएम मोदी ने कहा कि आपकी वीरता हर चुनौती पर भारी पड़ी है। भारत के जवानों की कोई बराबरी नहीं। मोदी ने कहा कि आप भले बर्फीली पहाड़ियों पर रहें या फिर रेगिस्तान में, मेरी दीपावली तो आपके बीच आकर ही पूरी होती है। आपके चेहरों की रौनक देखता हूं, आपके चेहरे की खुशियां देखता हूं, तो मुझे भी अनेक गुना खुशी होती है।







