संवाददाता,शिमला: आज पूरे प्रदेश में भारी बारिश और बर्फबारी के चलते येलो अलर्ट जारी हुआ है। 17 नवंबर तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है। इस दौरान तापमान में भी कमी दर्ज होने की संभावना है। उधर, केलांग कड़ाके की ठंड की चपेट में है। वीरवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.5 और कल्पा-मनाली में दो डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश के कई क्षेत्रों में शुक्रवार को बादल छाए रहे। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते शनिवार से प्रदेश में मौसम बदलने के आसार जताए हैं। शनिवार को दिवाली के दिन किन्नौर, लाहौल-स्पीति, कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने का पूर्वानुमान है। रविवार को पूरे प्रदेश में भारी बारिश, बर्फबारी और अंधड़ की चेतावनी जारी हुई है।


