संवाददाता,मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया है। पिकअप वैन के पानी में गिरने से 7 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में एक घायल है जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा सोमवार सुबह 3 बजे के आसपास हुआ। जानकारी के अनुसार, हादसे में मरने वाले सभी लोग बिहार के मजदूर थे। अभी इनकी पहचान होना बाकी है।
बताया जा रहा है कि बारिश के चलते हादसा हुआ। मंडी के पुलघराट इलाके में बारिश के चलते सड़कों पर फिसलन थी जिसके कारण मजदूरों को ले जा रही पिकअप वैन सुकेत खड्ड में गिर गई। हादसे में चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी विनोद कुमार ठाकुर पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और नदी में गिरी गाड़ी से शव बाहर निकाले गए। मजदूरों के शवों को जोनल अस्पताल के पोस्टमॉर्टम हाउस में रखे गए हैं और उनके परिजनों से संपर्क साधा जा रहा है।

