स्पेशल डेस्क,पटनाः नीतीश कुमार ने आज बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह सातवीं बार है जब उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। शपथ ग्रहण समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा और सुशील मोदी सहित कई अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वहीं विपक्षी महागठबंधन ने इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया।
नीतीश कुमार के साथ-साथ राज्यपाल फागू चौहान ने तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी को भी उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। गौरतलब है कि भाजपा नेता तारकिशोर प्रसाद कटिहार से विधायक चुने गए हैं जबकि रेणु देवी बेतिया विधानसभा सीट से चुनाव जीती हैं। इसके अलावा जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली है। विजेंद्र यादव और मेवालाल चौधरी ने भी मंत्री पद की शपथ ली है।







