संवाददाता,शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती पर ऐतिहासिक रिज़ मैदान पर स्थित उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी में मजबूत नेतृत्व करने की क्षमता थी।
उन्होंने आतंकवाद के खात्मे में लिए भरसक प्रयास किए। लेकिन अंत में ख़ुद आतंकवाद की भेंट चढ़ गई। आज उनकी जयंती पर देश उनके योगदान को याद कर रहा है। इस दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सहित अन्य कांग्रेस के नेताओं ने भी उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की व उनके द्वारा देश के लिए दिए गए योगदान को याद किया।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री ने रिज़ पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की निर्मित होने वाली प्रतिमा के स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि इस प्रतिमा के कार्य को 25 दिसम्बर, 2020 तक पूर्ण करने के प्रयास किए जाने चाहिए। वहीं शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज, नगर निगम शिमला की महापौर सत्या कौंडल, पार्षद और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने भी पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजति अर्पित की।







