स्पेशल डेस्क: इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी ने ब्रेक डांसिंग को ऑफिशियल ओलंपिक स्पोर्ट के रूप में मान्यता दे दी है। कमेटी ने 7 दिसंबर को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर बताया कि पेरिस ओलपिंक 2024 के लिए ब्रेक डांसिंग को भी शामिल कर लिया गया है। उसके मुताबिक, “यूथ ओलंपिक खेलों में अपनी सफलता के आधार पर, ब्रेक डांसिंग ओलंपिक खेलों में भी शुरूआत करने को तैयार है।”
इसके अलावा, इसने स्केटबोर्डिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग और सर्फिंग जैसे तीन अन्य खेलों को भी ओलंपिक एजेंडा 2020 के सुधार के रूप में शामिल करने की मंजूरी दे दी है। कमेटी ने अपने बयान में लिखा- “आज के फैसले पेरिस ओलंपिक गेम्स 2024 को कोरोना के बाद की दुनिया के लिए उपयुक्त बनाने में मदद करेंगे।”
ओलंपिक कमेटी के अनुसार, ब्रेक डांस को ओलंपिक शहरी खेल के रूप में शामिल करने के पीछे का विचार ‘युवाओं पर केंद्रित एक्टिविटी का विस्तार करना और ओलंपिक को मैदान के बाहर युवा पीढ़ी के लिए अधिक आकर्षक और समावेशी बनाना है’। नया एजेंडा ओलंपिक प्रोग्राम कमिशन की सिफारिशों के अनुसार पेश किया गया था।
पेरिस 2024 के ओलंपिक कार्यक्रम की मुख्य विशेषताओं में अब ब्रेक डांस के अलावा, लैंगिक समानता को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रतिशत पुरुष और महिला भागीदारी को प्रोत्साहित देना भी शामिल है।युवाओं’ पर बहुत ज्यादा फोकस
आईओसी अध्यक्ष थॉमस बाख ने एक प्रेस रिलीज में कहा कि “हम खेलों की मेजबानी की लागत और जटिलता को कम कर रहे हैं। जबकि हमें पहले ही आगामी ओलंपिक खेलों टोक्यो 2020 में लैंगिक समानता देखने को मिलेगी, हम पहली बार ओलंपिक के इतिहास में पुरुष एथलीटों जितनी ही महिला एथलीटों की भागीदारी देखेंगे।
युवाओं पर भी बहुत ज्यादा ध्यान दिया गया है।” ब्यूनस आयर्स समर यूथ ओलंपिक गेम्स 2018 में ब्रेक डांसिंग की सफलता के आधार पर पेरिस ओलंपिक 2024 में इसे शामिल किया गया है।







