पूनम मेहता, शिमला: किसानों की ओर से मंगलवार यानी आज भारत बंद किए जाने का ऐलान किया गया है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में बस सेवा सुचारू रखने का फैसला लिया गया है ताकि लोगों को कठिनाइयों का सामना ना करना पड़े। हालांकि इस दौरान इंटरेस्टेड मूवमेंट बंद रहेगी। इसके अलावा हिमाचल व्यापार मंडल भारत बंद में हिस्सा नहीं लेगा इस दौरान हिमाचल में बाजार खुले रहेंगे।
हिमाचल व्यापार मंडल के राज्य अध्यक्ष सुमेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश में व्यापारिक संस्थान खुले रहेंगे। भारत बंद में व्यापार मंडल शामिल नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां तक बंद को लेकर स्थिति है तो कोरोना लॉकडाउन के दौरान लगातार तीन महीने तक बाजार पहले ही बंद रहे हैं। ऐसे में इस समय बंद करना संभव नहीं। उन्होंने कहा कि किसानों को पूरा समर्थन है, उनकी मांगों पर सरकार को विचार करना चाहिए और जो शंकाएं किसानों की हैं, उनको दूर किया जाना चाहिए।
बसों को नुकसान न पहुंचे इसके चलते परिवहन निगम ने धर्मशाला, कांगड़ा, ऊना से चंडीगढ़ के लिए बसें न भेजने का फैसला लिया है। शिमला से चंडीगढ़ के लिए 7 बसे जाएगी। स्थिति खराब होती है तो यह चंडीगढ़ न जाकर परवाणू से वापस आएगी। इसके अलावा आज किसान के समर्थन में बद्दी, ठियोग में चक्का जाम और प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन होंगे जबकि पावंटा में बाजार बंद रहेगा।
वहीं प्रदेश में लोकल और लांगरूट में निगम की बसें चलती रहेगी। प्राईवेट बस ऑपरेटरों व चालक परिचालक आंदोलन में शामिल नहीं होंगे। इन्होंने बस सेवा जारी रखने का ऐलान किया है। हिमाचल किसान सभा, सीआईटीयू, कांग्रेेस, कांग्रेस सेवादल, महिला कांग्रेस, अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेेस, एनएसयूआई समेत कई संगठन सड़कों पर उतरेंगे।






