हमीरपुर: हमीरपुर संसदीय क्षेत्र की वर्चुअल बैठक को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल ने प्रदेश के नए प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन का देवभूमि हिमाचल में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि अविनाश राय खन्ना और संजय टंडन को मेहनत करने की आदत है और इन दोनों की मेहनत का लाभ प्रदेश में पार्टी को मिलेगा। गौरतलब है कि प्रदेश प्रभारी और सह प्रभारी का दायित्व मिलने के बाद अविनाश राय खन्ना और संजय टंडन पहली बार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के संगठन से वर्चुअल बैठक के माध्यम से आज शाम को रूबरू हुए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि पड़ोसी राज्य होने की वजह से प्रदेश के कई कार्यकर्ता प्रभारी और सहप्रभारी के सीधे संपर्क में रहते हैं। इस बात का लाभ भी पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि लगातार मेहनत करके प्रदेश में संगठन ने पार्टी को मजबूत किया है। और पिछले कुछ वर्षों में पार्टी और मजबूत हुई है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रभारी और सहप्रभारी के नेतृत्व में प्रदेश संगठन बढ़िया काम करेगा और सरकार रिपीट करेगा।
केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश सरकार में परिवहन एवं उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर , प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जंबाल के अतिरिक्त इस बैठक में संसदीय क्षेत्र के चारों जिलों के अध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारी व जिला पदाधिकारी तथा मण्डलों के अध्यक्ष उपस्थित रहे।


