संवाददाता, किन्नौर: जिला किन्नौर के पर्यटन स्थल कल्पा के पास सुसाइड प्वाइंट नामक स्थान पर शनिवार देर शाम में एक महिला पर्यटक के सेल्फी लेते समय ढांक से नीचे गिरकर मौत हो गई है। शाम को अंधेरा होने के कारण महिला का कुछ पता नही चल पाया था परन्तु रविवार सुबह पुलिस क्यूआरटी और होमगार्ड डिजास्टर की टीमों द्वारा फिर से सर्च अभियान चलाया गया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम डीसीसी में ईआरएसएस 112 के माध्यम से सूचना मिली कि एक महिला सुसाइड प्वाइंट, कल्पा में चट्टान से गिर गई है, जिस पर कल्पा और रिकांगपिओ से पुलिस दल मौके पर पहुंचा।
एसडीएम कल्पा डॉ मेजर अरविंद शर्मा ने पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को पुनः रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु किया गया। इस दौरान गहरी खाई से महिला के शव को बरामद कर लिया गया है। महिला की पहचान रेखा (37) पत्नी विनीत शर्मा निवासी हिसार (हरियाणा ) के रूप में हुई है। प्रारंभिक रिपोर्ट में महिला का ढांक से नीचे गिरने का कारण सेल्फी लेना बताया गया है। किन्नौर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर रही है।


