पूनम मेहता : हिमाचल प्रदेश में इस वक्त भीषण ठंड पड़ गई है। लोग ठिठुरने पर मजबूर हैं। तालाब, झरने सब जम चुके हैं। लेकिन इस सब के बीच लाहुल स्पीति के काजा में कुछ बच्चे माइनस 20 डिग्री सेल्सियस में भी आइस हॉकी का प्रशिक्षण लेते नज़र आ रहे है।
भारतीय टीम में जगह बनाना लक्ष्य
इन युवाओं का लक्ष्य भविष्य में भारतीय टीम में अपनी जगह बनाना है। प्रशिक्षण लेने वालों में 100 से अधिक युवा शामिल हैं। कुछ युवा हाल ही में लद्दाख से एडवांस ट्रेनिंग करके भी लौटे हैं।

एडीएम काजा ने बताया
एडीएम काजा ज्ञान सागर नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चों को आइस हॉकी के प्रति जागरूक करने और उनमें खेल भावना पैदा करने के लिए यह प्रशिक्षण शिविर शुरू किया गया है। प्रयास है कि लाहुल-स्पीति के बच्चे आइस हॉकी के गुर सीखकर राज्य से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचें।
सैलानियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र
वहीं समुद्रतल से 3720 मीटर की ऊंचाई पर बनाया गया यह आइस हॉकी स्केटिंग रिंक सैलानियों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बन गया है। यह साल में पांच माह से अधिक समय तक बर्फ से ढका रहता है। यहां के लोग किसी भी तरह की चुनौतियों से निपटने में सक्षम हैं। ऐसे में इस क्षेत्र से आइस हॉकी के अच्छे खिलाड़ी निकलने की उम्मीद है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने जताई खुशी
तकनीकी शिक्षा मंत्री रामलाल मारकंडा ने कहा कि इस तरह स्पीति के बच्चों को आइस हॉकी का अभ्यास करते देखकर बेहद खुशी हो रही है। बच्चे राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलें इसके लिए सुविधाओं को और बढ़ाया जाएगा। इस साल कई बच्चों को एडवांस ट्रेनिग के लिए लद्दाख भेजा था। लाहुल स्पीति में विंटर स्पोर्ट्स की अपार संभावनाएं हैं।

पीटीए एसोसिएशन काजा ने दी आर्थिक सहायता
पीटीए एसोसिएशन काजा ने आइस हॉकी कैंप के लिए 60 हजार रुपये आर्थिक सहायता राशि युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के संयोजक स्कलजंग दोरजे को दी है। एसोसिएशन के प्रधान जयंग तंजिन ने बताया कि यह राशि बच्चों के लिए आइस स्केट्स समेत अन्य जरूरी सामान खरीदने के लिए है।


