संवाददाता,चंडीगढ़: आढ़ती एसोसिएशन के स्टेट प्रेसीडेंट विजय कालड़ा के मक्खू स्थित घर पर आयकर विभाग ने शुक्रवार रात छापेमारी की। बठिंडा, जालंधर और फिरोजपुर से आयकर टीमें रेड में शामिल हुई थीं। सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश नंबर की एक बस में सीआरपीएफ के 15 जवान भी घर के बाहर मौजूद रहे। आयकर विभाग की कार्रवाई पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने नाराजगी जताई है। उन्होंने केंद्र पर किसानों को तोडऩे की कोशिश का आरोप लगाया है।
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि ऐसी कार्रवाई करके केंद्र सरकार लोगों के गुस्से को बढ़ा रही है। आढ़तियों पर साजिश के तहत छापेमारी की जा रही है ताकि उनको दबाया जा सके और वह किसान आंदोलन का समर्थन न कर सकें।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे मक्खू पहुंची टीमों में बठिंडा और जालंधर से डिप्टी डायरेक्टर रैंक के अफसर शामिल थे। करीब 20 घंटे तक कालड़ा के आढ़त के कारोबार और पेट्रोल पंप के दस्तावेज की जांच की और रिकार्ड साथ ले गए। एक टीम ने कालड़ा के घर और दूसरी टीम ने पेट्रोल पंप पर रात भर रिकार्ड की जांच की। शनिवार शाम करीब चार बजे टीम वापस चली गईं।
सीआरपीएफ की सुरक्षा में रातभर आढ़तियों के यहां छापेमारी की गई। इनमें आढ़ती एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष विजय कालड़ा के अलावा पवन कुमार गोयल, जसविंदर सिंह राणा, मनजिंदर सिंह वालिया, हरदीप सिंह लड्ढा, करतार सिंह और अमरीक सिंह शामिल हैं।
उधर, छापेमारी के बाद शिक्षा मंत्री विजयइंद्र सिंगला मक्खू पहुंचे और आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है। आढ़ती एसोसिएशन दिल्ली में किसानों के आंदोलन में सहयोग दे रही है और कालड़ा भी आंदोलन का समर्थन करने दिल्ली गए थे।







