पूनम मेहता, शिमला: राजधानी शिमला के रिज मैदान पर पदम देव परिसर में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति स्थापित कर ली गई है। 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस पर मूर्ति का विधिवत अनावरण भी किया जाएगा। वहीं सरकार और भाजपा संगठन इस दिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाएगी। इस दिन सरकार रक्त दान शिविर, जरूरमंदो को कपड़े व फल वितरण कार्यक्रमों का आयोजन करेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि अटल बिहारी बाजपेयी का देश में बड़ा योगदान रहा है। 25 दिसंबर को अटल बिहारी बाजपेयी का विधिवत अनावरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री की कविताओं, रचनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाएगा। साथ ही मास्क और सेनेटाइजर भी बांटे जाएंगे।
मूर्ति को स्थापित करने के लिए कुल आठ फीट ऊंची नींव तैयार की गयी है और इसके ऊपर नौ फीट लंबी अटल की प्रतिमा लगाई गई है। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा में 85 फीसदी लोहे का इस्तेमाल किया गया है और 15 फीसदी तांबा, कांसा और पीतल का उपयोग किया गया है।


