संवाददाता, बद्दी: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बद्दी के लोधी माजरा में कबाड़ की खरीद को लेकर दो गुटों के बीच कहासुनी हुई। कहासुनी कब खूनी संघर्ष में बदल गई पता ही ना चला। एक गुट के व्यक्ति ने दूसरे गुट के व्यक्ति पर गोली चला दी। गोली युवक की टांग को चीरती हुई आरपार हो गई। फायरिंग के बाद वहां पर अफरातफरी मच गई। बहरहाल, घायल को उपचार के लिए रैफर कर दिया गया है। उसे चंडीगढ़ स्थित 32 सेक्टर मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया है।
पुलिस ने इस मामले में एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। गोली चलाने वाले अभी फरार हैं। झगड़ा प्रीतम सिंह और शेखर मेहता के बीच हुआ, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग शामिल हो गए। इस बीच किसी ने फायर कर दिया और भारत भूषण गोली लगने से घायल हो गया।
बताया जा रहा है कि गोली व्यक्ति की टांग के आरपार हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर गई और छानबीन की। पुलिस ने इस मामले में भारत भूषण का मेडिकल करवाकर पीजीआई भेज दिया है। एएसपी नरेंद्र कुमार ने बताया कि परिवार के दो लोगों के बीच कबाड़ को लेकर कहासुनी हुई। इस बीच गोली लगने से एक व्यक्ति के घायल होने की बात सामने आ रही है। वहीं पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है।

