सुधांशु ठाकुर, शिमला: हिमाचल प्रदेश में जयराम सरकार के 3 साल पूरे होने जा रहे हैं। इसके चलते शनिवार को शिमला में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने प्रेस वार्ता की। इस प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने अपने 3 साल के कार्यकाल कि कई उपलब्धियां गिनाई और विपक्ष पर भी जमकर निशाना साधा। हाल ही में विश्व भारती विश्वविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि पेरिस समझौते के जलवायु परिवर्तन से जुड़े लक्ष्य की ओर बड़े देशों में से भारत सबसे ज्यादा तेजी से आगे बढ़ रहा है। परंतु हिमाचल के बद्दी में जमीनी स्तर पर हालात कुछ और है।
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम का प्रावधान होने के बावजूद यहां कई बड़ी फैक्ट्रियों से निकलने वाले हैज़ार्डस वेस्ट के पहाड़ लगे हैं। कई कंपनियां बिना एनओसी के ही केमिकल ड्रम्स धो रही है और उससे निकलने वाला स्लज पाइपों के ज़रिए नालो और नदियों में जा रहा है। इस मुद्दे पर खबर नॉव द्वारा किए गए सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में पर्यावरण संरक्षण को लेकर कई काम किए जा रहे हैं और बद्दी क्षेत्र में भी इसको लेकर कदम उठाए जाएंगे।
जो लोग नियमों का उल्लंघन करेंगे उन पर कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी और ठीक ढंग से काम न करने वाले अफसरों पर भी शिकंजा कसा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बद्दी में औद्योगिक क्षेत्र को योजनाबद्ध तरीके से स्थापित करने में कुछ कमियां रह गई थी जिसकी वजह से यह परेशानियां आज भी देखी जा रही है लेकिन सरकार इस पर सख्त से सख्त निर्णय लेकर कार्रवाई करेगी।


