संवाददाता, शिमला: राजधानी शिमला में इस बार नए साल का स्वागत सादगी से होगा। कोरोना के चलते राजधानी के रिज मैदान, मालरोड के अलावा होटलों में भी न्यू ईयर के जश्न की पार्टियां आयोजित नहीं की जाएंगी। जिला प्रशासन के निर्देशों को लागू करते हुए शहर के सभी होटल इस बार न्यू ईयर पर कोई भी बड़ा आयोजन नहीं करेंगे। कोरोना संक्रमण के चलते 50 से अधिक लोगों के एक स्थान पर जमा होने पर लगाई पाबंदी के कारण होटलों ने किसी भी पार्टी का आयोजन नहीं किया है।
ऐतिहासिक रिज मैदान और मालरोड पर भी सैलानी और शहरवासी इस बार रात के समय नए साल का स्वागत नहीं कर पाएंगे। रात दस बजते ही सैलानियों को अपने होटलों में जाना होगा। जिला पुलिस के जवान इस व्यवस्था को लागू करवाएंगे। नियम न मानने पर कार्रवाई भी हो सकती है। हर साल हजारों सैलानी और शहरवासी रिज मैदान पर नए साल का स्वागत करते हैं। रात 12 बजने तक रिज खचाखच भरा रहता था लेकिन इस बार ऐसा नजारा देखने को नहीं मिलेगा।
नए साल की तैयारियां जोरों पर
नए साल का जश्न मनाने के लिए शहर में तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। बुधवार को भी रिज मैदान और मालरोड को संवारने का काम जारी रहा। स्कैंडल प्वाइंट के पास टूटी रैलिंग की मरम्मत की जा रही हैं। कई जगह सीढ़ियों को दुरुस्त किया गया। नगर निगम ने भी नए साल पर सफाई व्यवस्था के लिए तैयारी की है। वीरवार रात दस बजे रिज और मालरोड से भीड़ हटते ही इन स्थानों की सफाई की जाएगी।
म्यूजिकल फाउंटेन बनेगा आकर्षण का केंद्र
रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास लगा म्यूजिकल फाउंटेन नए साल पर आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत पेयजल कंपनी ने 50 लाख रुपये से यह फाउंटेन तैयार किया है। यहां कुल तीन रिंग है जिनके चारों ओर लगे नोजल से करीब आठ से दस फीट ऊंचे फव्वारे फूटेंगे। इन फव्वारों पर रंग बिरंगी लाइटें पड़ेंगी। साथ ही म्यूजिक भी बजता रहेगा। महात्मा गांधी की प्रतिमा के ठीक पीछे सबसे बड़ा सनबस्ट इफेक्ट वाला फाउंटेन होगा जो करीब 15 फीट तक ऊंचा फव्वारा देगा। पेयजल कंपनी के मैनेजर महबूब शेख ने बताया कि बुधवार देर रात होने वाले ट्रायल के सफल होने के बाद ही वीरवार शाम को इसे चलाया जाएगा।


