शिमला: हिमाचल प्रदेश के निवासी और जूडो कोच विवेक ठाकुर को चंडीगढ़ में कोरोना काल में लॉकडाउन के वक्त सेवाएं देने के लिए चंडीगढ़ साउथ के एसडीएम द्वारा सम्मानित किया गया। विवेक ने लॉकडाउन के वक्त चंडीगढ़ में बहुत से गरीब और जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री मुहैया करवाने का काम किया था। कोरोना महामारी के दौरान जब पूरे देश में लॉकडाउन था उस वक्त विवेक और उनके साथी गरीब और बेसहारा लोगों को खाने की चीजें मुहैया करवा रहे थे।
लॉकडाउन के वक्त लगभग 3 महीने तक विवेक ने चंडीगढ़ स्पोर्ट्स काउंसिल की तरफ से चंडीगढ़ में अलग-अलग जगह पर लंगर के माध्यम से गरीब लोगों को खाना मुहैया करवाने का काम किया। इस दौरान उन्होंने रोज लगभग तीन से चार हजार लोगों को खाना खिलाया। इसी सेवा के लिए रविवार को चंडीगढ़ साउथ के उप मंडल अधिकारी ने सम्मानित किया।
विवेक चंडीगढ़ में जूडो के कोच है और साथ ही वे कई बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा विवेक ने कॉमनवेल्थ जूडो चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल भी जीता है। विवेक मूलतः शिमला जिला के जुब्बल के रहने वाले हैं।


