संवाददाता,शिमला: बीते दिनों हिमाचल की राजधानी शिमला में गाड़ी चोर गिरोह सक्रिय था। यहां न्यू शिमला में बीते दिनों इस गिरोह ने गाड़ियों की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। लेकिन शिमला पुलिस की मुस्तैदी के चलते गिरोह अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया।
शिमला पुलिस ने गाड़ियों की चोरियों करने वाले इस गिरोह को धर दबोचा है। इस गिरोह में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुरानी गाड़ियों को बनाते थे निशाना
आपको बता दें कि ये गिरोह पुरानी गाड़ियों की चोरी करता था। क्यूंकि पुरानी गाड़ियों में सुरक्षा कम होती है जिससे उन्हें चोरी करने में आसानी होती थी।गाड़ियों को चोरी करने के बाद पंजाब में बेचा जाता था।
रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर की गाड़ी पर किया था हाथ साफ
ताज़ा मामले में तीन चोर शिमला के एक पूर्व आईएएस अधिकारी बीएस नांटा की कार चुराकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार बीसीएस क्षेत्र में कार नंबर एचपी 08 -0003 को पूर्व आईएएस अधिकारी ने अपने आवास के पास पार्क किया था। 22 दिसम्बर की रात करीब साढ़े नौ बजे कार गायब मिली। कार मालिक की शिकायत पर पुलिस हरकत में आई और सभी थानों और बैरियर को अलर्ट किया गया।
फिल्मी अंदाज में नाका तोड़ फरार होने की कोशिश
कालका-शिमला हाइवे पर उपनगर शोघी में बैरियर पर नाका लगाया तो आरोपी फिल्मी अंदाज में नाका तोड़ कर कार को वहां से भगा ले गए। इसके बाद पुलिस की टीम ने इसका पीछा किया, अंधेरे का फायदा उठाकर चोर कार को कहीं लिंक रोड पर ले गए। पुलिस की तीन टीमें गाड़ी की तलाश करती रही। इस बीच जब पुलिस की एक टीम वाकनाघाट के पास थी तो यह कार शिमला की ओर से सोलन की तरफ आती दिखी। पुलिस की टीम ने गाड़ी का पीछा किया और कंडाघाट के पास कार को रोकने की कोशिश की तो वहां से शातिरों ने गाड़ी को बैक गेयर में पीछे की तरफ भगाया। जिसके बाद कार खड़ी कर इसमें सवार तीनों लोग भागने लगे।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद पकड़े शातिर
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद दो आरोपियों को मौके से पकड़ा जबकि एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। जिसे अगले दिन पुलिस ने दबोचा। इस दौरान पुलिस का एक एसआई जख्मी भी हुआ।
पुलिस ने चार गाड़ियां की बरामद
चोरी हुई चार गाड़ियों में से एक गाड़ी रिटायर्ड आईएएस ऑफिसर बीएस नांटा है जिसे शोघी बैरियर से कुछ आगे जाकर बरामद किया। वहीं चोरी की गई अन्य तीन गाड़ियों में से 2 गाड़ियां न्यू शिमला से बरामद की गई। बता दें कि इस गिरोह ने एक गाड़ी सोलन के धर्मपुर से भी चोरी की है।
पुलिस प्रशासन की लोगों से अपील
शिमला पुलिस प्रशासन की लोगों से अपील है की पुरानी गाड़ियों में स्टेरिंग लॉक व गेयर लॉक जैसी सुविधाओं का प्रयोग किया जाए ताकि आने वाले समय में प्रदेश में गाड़ी की चोरियों पर लगाम लगाई जा सके।


