संवाददाता, शिमला: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में मंगलवार को आयोजित की गई हिमाचल कैबिनेट की बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। प्रदेश में कोरोना वायरस के मामलों में कमी आने के बाद चार जिलों शिमला, कुल्लू, मंडी और कांगड़ा में लागू रात्रि कर्फ्यू को हटाने का फैसला लिया है।
मंत्रिमंडल ने भारत में कोरोना वैक्सीन के प्रयोग को अनुमति देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार व्यक्त करने के लिए प्रस्ताव पारित किया।
50 प्रतिशत क्षमता के साथ खोले जाएंगे कोचिंग संस्थान
प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों में पहले की तरह छः दिन के कार्य दिवस को बहाल करने का निर्णय लिया। इसके अलावा कैबिनेट ने प्रदेश में कोचिंग संस्थानों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ संचालन की भी मंजूरी प्रदान कर दी है। इसके लिए शिक्षा विभाग एसओपी जारी करेगा। राज्य में होने वाले आयोजनों व कार्यक्रमों में अधिकतम 50 लोगों के एकत्रित होने की सीमा जारी रहेगी।
पंचायती राज चुनावों में शामिल हो सकेंगे 50 से अधिक लोग
हालांकि पंचायत चुनाव के दृष्टिगत राज्य निर्वाचन आयोग को पंचायत चुनाव के प्रशिक्षण कार्यक्रमों, आंतरिक बैठकों में 50 से अधिक लोगों को शामिल करने की अनुमति दी गई है। इससे आयोग को चुनाव से सम्बन्धित प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावी तरीके से चलाने में मदद मिलेगी।
सभी संभावित क्षेत्रों में की जाए पक्षियों की जांच
कैबिनेट की बैठक में पशुपालन विभाग ने बर्ड फ्लू को लेकर प्रस्तति दी। कैबिनेट में विभाग को आदेश दिए कि सभी संभावित क्षेत्रों में पक्षियों की जांच की जाए ताकि बर्ड फ्लू को फैलने से रोका जा सके।
मांस-मछली और अंडों पर बैन
कांगड़ा जिले के 4 विधानसभा क्षेत्रों में मांस मछली अंडे चिकन की बिक्री और सप्लाई पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। ये रोक आगामी आदेश तक जारी रहेगी।


