स्पेशल डेस्क, धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा की पौंग झील में फैले बर्ड फ्लू के चलते कई क्षेत्रों में मांस, मछली और अंडों पर प्रतिबंध लग गया है। वहीं गुरुवार को चंबा-कांगड़ा सांसद किशन कपूर के घर में मृत कबूतर मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जैसे ही कपूर के परिवार ने घर के आंगन में मरा हुआ कबूतर देखा तो इसकी सूचना पशुपालन विभाग को दी।
मौके पर पहुंची पशुपालन विभाग की टीम
वहीं विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की। विभाग की टीम मृत कबूतर को पोस्टमार्टम के लिए ले गयी है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता लग पाएगा।
पशुपालन विभाग को दी गई तुरंत जानकारी
उधर, सांसद किशन कपूर के बेटे शाश्वत कपूर ने बताया कि उन्होंने गुरुवार सुबह कबूतर को उनके घर के आंगन में मरा हुआ देखा। जिसके बाद तुरंत पशुपालन विभाग को जानकारी दी गई।
रिपोर्ट आने पर चलेगा मौत के कारणों का पता
वहीं पशुपालन विभाग जिला कांगड़ा के उप निदेशक डॉ. संजीव धीमान ने बताया कि मृत कबूतर की सूचना मिलने पर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पक्षी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।


