संवाददाता, हमीरपुर: पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल ने वीरवार को फोन पर पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार का कुशल क्षेम जाना। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा कि अब उनके स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने प्रो० धूमल को इस बीमारी से बचने के लिए सभी एतिहात बरतने की सलाह दी तो वहीं उन्होंने समस्त प्रदेशवासियों से अपील की कि इस बीमारी को हल्के में न लें।
उन्होंने कहा कि लापरवाही की स्थिति में यह बीमारी जानलेवा हो जाती है। जब तक इस महामारी की रोकथाम के लिए वैक्सिनेशन पूरी नहीं हो जाती तब तक कोविड 19 महामारी से बचने के लिए बताए गए सभी नियमों जैसे की मास्क का उपयोग करना, दो गज की दूरी रखना और सेनेटाइजर का उपयोग करना इत्यादि का प्रमुखता से पालन अच्छी तरह करते रहें।
इस बीमारी के कोई भी लक्षण महसूस होने पर डॉक्टर की सलाह लेने में कोताही न बरतें। समय पर कोविड टेस्ट करवाएं और खुद की, अपने परिवार और आसपास के लोगों की जान खतरे में नहीं डालें। उन्होंने यह भी कहा कि यह बीमारी कब कैसे किसी को अपनी चपेट ले लेती है पता भी नहीं चलता, इसलिए सचेत रहने की जरूरत है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल ने शांता कुमार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।


