स्पेशल डेस्क, बिलासपुर : किसानों की समस्याओं का वार्ता से ही हल निकलेगा। किसी भी समस्या के समाधान के लिए आंदोलन कोई रास्ता नहीं है। प्रजातंत्र में वार्ता से ही हर समस्या का हल निकलता है। भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि किसानों की मांगों पर बात करने के लिए केंद्र सरकार पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दों के बारे में एक-एक क्लॉज पर कृषि मंत्री ने चर्चा करने की बात की है।
कोठीपुरा एम्स में जल्द शुरू होगी ओपीडी
वहीं कोठीपुरा एम्स में जल्द ही ओपीडी शुरू की जाएगी। एम्स में स्टाफ की नियुक्ति को लेकर कुछ समस्या चली है। जिस पर वो दिल्ली जाकर बात करेंगे और इसे जल्द शुरू करवाने के लिए कार्य करेंगे। अभी वो यह नहीं बता सकते कि एम्स में ओपीडी कब शुरू होगी। विजयपुर में अपने आवास पर उन्होंने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने हमेशा किसान हित में कार्य किया है।
विजयपुर पंचायत के लोगों का जताया आभार
वहीं हाल ही में देश में हुए कई राज्यों के उप चुनावों, निकाय और मिनी संसद के चुनाव परिणामों में भाजपा की नीतियों, योजनाओं और विकास कार्यों, कार्यक्रमों को जनता ने वोट दिया है। उन्होंने विजयपुर पंचायत को निर्विरोध चुनने के लिए पंचायत के लोगों का आभार जताया। उन्होंने विधायक कटवाल की भी इस कार्य में अहम भूमिका निभाने के लिए पीठ थपथपाई।
देशभर में विकास और नीतियों के मुद्दों पर चुनाव लड़ रही भाजपा
जेपी नड्डा ने कहा कि वो देश में भाजपा विकास और नीतियों के मुद्दों के आधार पर चुनाव लड़ रही है। जहां भी चुनाव होने हैं वहां के वो अधिकतर चुनावी दौरे पूरे कर चुके हैं। वहीं इस माह 21 और 22 जनवरी को वो यूपी जाएंगे। माह के अंत में वो केरल जाएंगे। बंगाल में भाजपा 200 सीटों पर जीत हासिल कर रही है। वहां पर ममता बनर्जी के पैरों के नीचे से जमीन खिसक चुकी है। इस मौके पर उनके साथ विधायक जेआर कटवाल, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता रणधीर शर्मा, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य स्वदेश ठाकुर मौजूद रहे।

