संवाददाता, शिमला : हिमाचल प्रदेश में आगजनी की घटनाएं रुकने का नाम ही नहीं ले रही। राजधानी शिमला के जुब्बल तहसील के तहत प्राऊंठी गांव में 4 मंजिला मकान जलकर राख हो गया। देखते ही देखते सारा मकान आग की भेंट चढ़ गया। आगजनी में 20 कमरे पूरी तरह से जलकर खाक हो गए। अग्निकांड में करीब 8 से 10 करोड़ रुपए का नुकसान आंका जा रहा है।
मौके पर पहुंचे दमकल विभाग
जानकारी के मुताबिक 32 कमरों के चार मंजिला मकान में बुधवार शाम करीब साढे़ चार बजे आग लग गई। आग की घटना उस समय घटी, जब घर पर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। ग्रामीणों ने घर से धुआं उठता हुआ देखा और इसकी सूचना अग्निशमन केंद्र को दी। सूचना मिलने के बाद दमकल वाहन मौके पर पहुंच गया। इसके बाद दमकल विभाग के कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया।
बिजली के शार्ट सर्किट के कारण लगी आग
लेकिन देवदार की लकड़ियों से बने इस मकान पर आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आग बुझाने में लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही थी। अग्निशमन विभाग के लिए आग पर काबू पाना काफी मुश्किल हो गया था। जानकारी के अनुसार मकान में आग लगने का कारण बिजली के शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। गनीमत यह रही कि आगजनी में किसी भी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।

