स्पेशल डेस्क, नई दिल्ली : कोरोना वायरस के दैनिक मामलों में गिरावट और वृद्धि का सिलसिला जारी है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा की देश के 147 जिलों में पिछले 7 दिनों से कोरोना का कोई भी नया मामला सामने नहीं आया है। 18 जिलों में पिछले 14 दिनों से, 6 जिलों में पिछले 21 दिनों से और 21 जिलों में पिछले 28 दिनों से कोविड-19 का एक भी मामला सामने नहीं आया है।
कोरोना के 70 प्रतिशत मामले महाराष्ट्र और केरल में
उन्होंने बताया कि देश मे 70 प्रतिशत कोरोना के मामले महाराष्ट्र और केरल से हैं। वहीं भारत में कोरोना के नए स्ट्रेन या ब्रिटेन वैरिएंट वायरस के कुल 153 मामले सामने आएं हैं।
रोजाना सामने आ रहे 6 हजार से ज्यादा मामले
एक तरफ जहां देशभर में कोरोना के मामले अब कम हो रहे हैं। वहीं भारत के एक राज्य में कोविड के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, जो कि चिंताजनक है। केरल में रोजाना 6 हजार से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। केरल का पॉजिटीविटी रेट 11 प्रतिशत है। केरल में मंगलवार को कोरोना मरीजों के 6,293 नए मामले सामने आए थे, जो एक दिन के अंतराल के बाद 6 हजार अंक से ऊपर था।
80 प्रतिशत लोगों का हुआ टीकाकरण
वहीं, दिल्ली में बुधवार को 6,500 से अधिक स्वास्थ्य कर्मियों को कोविड-19 के टीके लगाए गए। शहर में टीकारकण अभियान के तहत बुधवार के लिए निर्धारित लक्ष्य के 80 प्रतिशत लोगों को टीके लगाए गए।
एक करोड़ के पार पहुंचा संक्रमण मुक्त मरीजों का आंकड़ा
पिछले 24 घंटे में संक्रमण के 11,666 नए मामले दर्ज किए गए हैं। बुधवार के मुकाबले आज दर्ज किए गए मरीजों की संख्या में गिरावट आई है। कल संक्रमण के 12,689 नए मामले सामने आए थे। वहीं, संक्रमणमुक्त मरीजों की संख्या बढ़कर एक करोड़ के पार पहुंच चुकी है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 141,666 नए संक्रमित मिले हैं। इस तरह देश में संक्रमितों की संख्या बढ़कर 1,07,01,193 हो गई है। वहीं, इस दौरान 123 लोगों ने संक्रमण के चलते अपनी जान गंवाई है, इसके बाद कोरोना मृतकों की संख्या बढ़कर 1,53,847 हो गई है।







