संवाददाता,शिमला: किसान आंदोलन के चलते प्रभावित हुई दिल्ली के लिए बस सेवाएं अब दोबारा सुचारू रूप से चलाई जाएगी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने दिल्ली के लिए परिवहन सेवाएं शुरू कर दी हैं। किसान आंदोलन की स्थिति सामान्य होने के बाद परिवहन निगम ने वीरवार से समयसारिणी के अनुसार दिल्ली के लिए बसें भेजनी शुरू कर दी हैं। परिवहन निगम के डीएम पंकज सिंघल ने इसकी पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि शिमला से दिल्ली और दिल्ली से शिमला के लिए ऑन ट्रायल बस भेजी गई थी, इसके बाद ही बसों की आवाजाही शुरू की है। कोरोना के चलते परिवहन निगम दिल्ली के लिए 38 बसें चला रहा है।
इसमें 30 बसें साधारण, जबकि अन्य 8 बसें वोल्वो और डीलक्स हैं। परिवहन निगम का मानना है कि साधारण बसों में 100 फीसदी सवारियों की ऑक्यूपेंसी है, जबकि वोल्वो बसों में सवारियों की संख्या कम है।


