संवाददाता,शिमला : हिमाचल प्रदेश में दसवीं और बारहवीं कक्षाओं की राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं अब 4 मई की जगह 20 अप्रैल से शुरू होगी। बोर्ड की ओर से बीते दिनों जारी परीक्षा शेड्यूल में प्रदेश सरकार ने बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। पूर्व निर्धारित प्रस्ताव से अब करीब 2 सप्ताह पहले परीक्षाएं लेने की तैयारी है। उच्च शिक्षा निदेशालय और स्कूल शिक्षा बोर्ड के बीच इस को लेकर औपचारिकताएं पूरी की जा रही है।
10वीं और 12वीं कक्षा की प्री बोर्ड परीक्षाएं 8 से 20 मार्च के बीच
वहीं दसवी और बारहवीं कक्षा की प्री बोर्ड परीक्षाएं 8 से 20 मार्च के बीच सुबह के सत्र में होगी। 25 मार्च तक परिणाम घोषित होंगे। इनके 8 अप्रैल से 13 अप्रैल तक प्रैक्टिकल होंगे। इसके बाद वार्षिक परीक्षाएं ली जाएगी। प्री बोर्ड परीक्षा में कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों कि 15 अप्रैल तक अतिरिक्त कक्षाएं लगेंगी।
जल्द घोषित की जाएगी प्री बोर्ड परीक्षाओं की डेट शीट
उच्च शिक्षा निदेशालय डॉ अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि जल्द प्री बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट घोषित की जाएगी। सीबीएसई ने 4 मई से देशभर में दसवीं और बारहवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाएं लेने की घोषणा की है। इसी बीच स्कूल शिक्षा बोर्ड ने प्रदेश में भी सीबीएसई की तर्ज पर 4 मई से परीक्षाएं लेने का ऐलान कर दिया हैं।
वहीं कई अभिभावकों और शिक्षक संघों ने मई में परीक्षाएं करवाने पर सरकार के समक्ष आपत्तियां जताई और अप्रैल में परीक्षाएं लेने की मांग की हैं। अभिभावकों का कहना है कि 4 मई का समय लंबा चला जाएगा और अगले सत्र में देरी हो जाएगी। सरकार ने सभी पक्षों से चर्चा करने के बाद अब वार्षिक परीक्षाओं में बदलाव का फैसला लिया हैं।


