हमीरपुर : वित्त वर्ष 2021-22 के लिए प्रस्तुत बजट देश को आत्मनिर्भर भारत बनाने की दिशा में बिल्कुल सही कदम है। केंद्रीय बजट 2021-22 के ऊपर प्रतिक्रिया देते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने प्रस्तुत बजट की सराहना करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में कौन से क्षेत्र कि क्या आवश्यकता है, उन सबका इस बजट में पूरा ध्यान रखा गया है।
कोरोना महामारी के कारण देशवासियों में यह आस जगी हुई थी कि स्वास्थ्य सेवाएं सबको उपलब्ध करवाने के लिए इस बजट में स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष अधिमान दिया जाएगा तो बजट में केंद्र सरकार ने भी स्वास्थ्य क्षेत्र का पूरा पूरा ध्यान रखते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र के बजट में 137 प्रतिशत का इजाफ़ा किया है।
2 लाख 38 हज़ार करोड़ रुपये का बजट स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा कि इस बजट से देश स्वास्थ्य के क्षेत्र में और भी सुविधाएं जुटाएगा, आत्मनिर्भर होगा और विदेशों की मदद भी कर पाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं, पहले जो हथियार हम इम्पोर्ट करते थे अब देश उन हथियारों को निर्यात करने वाला देश बन रहा है। कृषि क्षेत्र में 75 हज़ार करोड़ रुपए का प्रावधान किसानों के लिए किया गया है। जल जीवन मिशन का दायरा बढ़ा कर अब शहरी क्षेत्रों को भी इसमें लिया गया है।
न्यूट्रिशन मिशन हमारे विकास के कदमों की प्रमाणिकता बताता है। कहाँ तो पहले फ़ूड सिक्युरिटी की बात होती थी और अब पोष्टिक भोजन सुरक्षा मुहैया करवाने के लिए प्रावधान किए गए हैं। शिक्षा के क्षेत्र में भी नए प्रावधान किए गए है। उच्च शिक्षा आयोग बनाने की बात की गई है। 15 हज़ार आदर्श विद्यालय खोले जाएंगे। साढ़े सात सौ एकलव्य स्कूल खोलने की बात की गई है।
धूमल ने कहा कि चारों दिशाओं से हर क्षेत्र में भारत का विकास हो, भारत आत्मनिर्भर बने, ऐसा माहौल बनाने में इस बजट का महत्वपूर्ण योगदान होगा। 75 वर्ष की आयु पार कर चुके वरिष्ठ नागरिकों को, यदि उनकी आय केवल पेंशन से और किराए से है तो आयकर से बाहर रखा गया है।
केंद्रीय वित्त मंत्री हर क्षेत्र को और इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए प्रावधान करने का प्रयास किया है। आने वाले पांच वर्षों में देश की सड़कें और इंफ्रास्ट्रक्चर इत्यादि विश्व स्तर का हो इस बात का ज़िक्र भी बजट में किया गया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्दर मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को अच्छा बजट प्रस्तुत करने पर बधाई और धन्यवाद देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि देश की इकोनॉमी को इस बजट से गति मिलेगी और विश्व के महत्वपूर्ण इकोनॉमी वाले देशों में भारतवर्ष की इकोनॉमी को भी विशिष्ट स्थान मिलेगा।


