चम्बा से सम्बंध रखने वाले पूर्व राज्यमंत्री मोहनलाल के निधन पर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। प्रो० धूमल ने कहा कि श्री मोहनलाल जी के निधन के समाचार सुन कर उन्हें बहुत दुःख पहुंचा है। उन्होंने कहा कि श्री मोहनलाल जी विधानसभा में उनके सहयोगी रहे हैं और मंत्रिमंडल में उन्होंने बतौर आयुर्वेद राज्यमंत्री बहुत ही शानदार काम किया था। उनके देहांत से हम सब विचलित हैं।
श्री मोहनलाल जी के व्यक्तित्व का जिक्र करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बहुत ईमानदार और मेहनती नेता थे। वह लोगों में बहुत लोकप्रिय थे और उन्होंने कई बार चुनाव जीते। आज उनके देहांत से चम्बा ने एक महत्वपूर्ण नेता खो दिया है।
प्रो० धूमल ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और उनके परिजनों को भी इस दुःख की घड़ी में शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। साथ ही पूर्व सीएम ने यह भी कहा कि श्री मोहनलाल जी के बहुत सारे समर्थक थे जिन्हें उनके निधन से बहुत ठेस पहुंची है, वह भगवान से उन सब समर्थकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना भी करते हैं।





