पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में भी कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बड़ते जा रहे हैं जिसके चलते अब चंडीगड़ प्रशासन ने अहम फैसला लेते हुए ट्राईसिटी में वीकेंड लॉकडाउन लगा दिया है। अब यहां भी हर शनिवार और रविवार को सब कुछ बंद रहेगा। लेकिन, आवश्यक सेवाओं पर इसमें छूट रहेगी। यह फैसला प्रशासक वीपी सिंह बदनोर ने आज कोरोना पर हुई वार रूम मीटिंग के बाद लिया। इस से पहले दिल्ली में भी वीकेंड लॉकडॉउन लगाया गया गया था
शहर में वीकेंड लॉकडाउन शुक्रवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 5 बजे तक जारी रहेगा। इस दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी चीजें बंद रहेंगी। रॉक गार्डन, सुखना लेक जैसे पर्यटन स्थलों को बंद करने का पहले ही फैसला लिया जा चुका है। शहर के मार्केट, मॉल, जिम, क्लब भी शनिवार और रविवार को बंद रहेंगे। पुलिस की ओर से भी वीकेंड पर नाकेबंदी की जाएगी।प्रशासक ने निर्देश दिए हैं कि वीकेंड पर सार्वजनिक स्थानों व किसी प्रकार के कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए नहीं जा सकेंगे।
शहर के अस्पतालों में अब कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए बेड नहीं मिल रहे हैं। शहर में लगनी वाली सब्जी मंडियों व कई अन्य स्थानों पर लोगों की भीड़ बनी रहती है। जिससे संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। शहर के प्रशासक की ओर से आज अधिकारियों के साथ मिलकर वार रूम मीटिंग में कई मामलों पर बात की गई और उन्हें जरूरी हिदायतें दी। अधिकारियों को शहर में कोरोना संक्रमण रोकने के लिए अहम कदम उठाने के लिए कहा गया। शहर में इस समय 32 हजार से ज्यादा काेरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं, जिसमें 28 हजार से ज्यादा ठीक हो गए हैं। शहर में रोजाना 400 से ज्यादा संक्रमित मिल रहे हैं।
पिछले दिनों हुई वार रूम मीटिंग में प्रशासक ने शहर के प्रमुख रॉक गार्डन को अगले आदेशों तक के लिए बंद कर दिया था। रॉक गार्डन में रोजाना हजारों की संख्या में लोग घूमने के लिए आते हैं। इसके अलावा शहर की सुखना लेक को वीकेंड पर बंद करने के आदेश दिए गए हैं। आज मीटिंग में ट्राईसिटी के डीसी से वहां का हाल जानने के बाद प्रशासक ने शहर में वीकएंड लॉकडाउन लगाने के आदेश दिए।

