कोरोना के बढ़ते मामले दिन-ब-दिन सारे रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं साथ ही देश भर में वैक्सीनेशन का काम भी जारी है अब इसी को मद्देनजर रखते हुए 1 मई से 18 से 45 वर्ष की आयु वाले सभी लोगों को कोरोना का टीका लगाया जाना है जिसको देखते हुए केंद्र ने सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एक मई से शुरू हो रहे टीकाकरण के तीसरे दौर के लिए मिशन मोड में अतिरिक्त निजी टीकाकरण केंद्र पंजीकृत करने की सलाह दी है। केंद्र ने निजी अस्पतालों, औद्योगिक प्रतिष्ठान और उद्योग संघ के अस्पतालों की सेवा लेने को भी कहा है। राज्यों को नए आवेदन और लंबित पंजीकरण का काम निपटाने के लिए विशेष प्राधिकरण के साथ समन्वय करने की भी सलाह दी गई है। इसके अतिरिक्त केंद्र के द्वारा राज्यों से उन अस्पतालों की संख्या पर नजर रखने को कहा गया है जिन्होंने वैक्सीन की खरीद कर ली है और इसका भंडार और मूल्य को-विन एप पर घोषित कर दिया है। इन राज्यों से 18 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के लोगों के लिए केवल ऑनलाइन पंजीकरण सुविधा का प्रचार करने को भी कहा गया है। मौजूदा अस्पतालों को और सुविधा संपन्न बनाने तथा कोविड रोगियों की उपचार व्यवस्था से संबधित योजनाओं की भी समीक्षा करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। घर में पृथकवास में रखे गए लोगों को टेलीमेडिसिन सुविधा उपलब्ध कराने को भी कहा गया। राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को ऑक्सीजन, वेंटीलेटर और अनुभवी चिकित्सकों की देखरेख में गहन चिकित्सा देखभाल सुनिश्चित करने का परामर्श दिया गया।
गौरतलब है कि तेजी से फैल रहे कोरोनावायरस को रोकने में केवल वैक्सीनेशन ही उपाय है और आगामी 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर की आयु वाले सभी व्यक्तियों को टीकाकरण के इस दौर में कोरोना का टीका लगाया जाना है जिसको लेकर केंद्र सरकार राज्यों के साथ समन्वय बिठाकर इसे और ज्यादा तेजी से फैलाना चाहती है ताकि ज्यादा से ज्यादा टीकाकरण किया जा सके।

