मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ में छावनी क्षेत्र के निवासी ग्रेगरी रेमंड राफेल के जुड़वां बेटे जोफ्रेड वर्गीज ग्रेगरी और राल्फ्रेड जॉर्ज ग्रेगरी की महज 24 साल की उम्र में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण कुछ ही घंटों के अंतराल पर मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार जोफ्रेड की 13 मई को मौत हुई और इसके महज कुछ घंटों बाद ही 14 मई को राल्फ्रेड जॉर्ज ग्रेगरी ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पेशे से शिक्षक ग्रेगरी राफेल और उनकी पत्नी सोजा ग्रेगरी का परिवार दोनों बेटों की मौत होने से एक झटके में बिखर गया।
ग्रेगरी रेमंड राफेल बताते हैं, ‘हमने बहुत संघर्ष किया है, वे हमें एक बेहतर जिंदगी देना चाहते थे। दोनों हैदराबाद से कोरिया और फिर जर्मनी जाने की योजना बना रहे थे। पता नहीं भगवान ने हमें यह सजा क्यों दी।’ ग्रेगरी राफेल के अनुसार बीती 23 अप्रैल को दोनों भाइयों ने 24वां जन्मदिन मनाया था। वे दोनों ने एक साथ ही दुनिया में आए, दोनों ने एक साथ कंप्यूटर इंजीनियरिंग की और हैदराबाद में नौकरी भी एक साथ ही की। और कोरोना महामारी ने दोनों भाइयों को एक साथ ही छीन लिया।
ग्रेगरी राफेल के ने बताया कि बीती 24 अप्रैल को दोनों बेटों की तबीयत खराब हुई। शुरू में उनका घर पर इलाज किया लेकिन बुखार कम नहीं हुआ। उन्हें 1 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनकी पहली जांच रिपोर्ट में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई थी लेकिन कुछ दिनों बाद उनकी दूसरी आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट में संक्रमण नहीं होने का पता चला। लेकिन उनके फेफड़ों में संक्रमण फैल चुका था जिसके बाद इन दोनों जुड़वां भाइयों ने कुछ घंटों के अंतराल में एक साथ ही दम तोड़ दिया।







