शिमला। कोरोना महामारी ने हर क्षेत्र को प्रभावित किया है। जहां कोरोना महामारी के चलते कई निजी संस्थान बंद हो गए हैं,या बंद होने की कगार पर है। तो वहीं सरकारी क्षेत्र में भी नौकरी की प्रक्रियाएं बंद हो गई है। ऐसे में इस महामारी के दौर में रोजगार की समस्या और विकट हो गई है। इसी के मद्देनजर हिमाचल प्रदेश राज्य लोक सेवा आयोग ने नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग की ओर से अब तृतीय श्रेणी के पदों के लिए जारी 15 अंकों की मूल्यांकन प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। इससे पहले लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को शारीरिक रूप से आयोग के परिसर में बुलाकर मूल्यांकन प्रक्रिया पूरी की जाती थी। OTR यानी वन टाइम रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने के लिए एक लिंक दिया जाएगा। और जिन चयनित उम्मीदवारों को मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए उपस्थित होना है, उन्हें डाक के साथ-साथ पंजीकृत ईमेल और मोबाइल नंबर पर उस तारीख के संबंध में जब दस्तावेजों को अपलोड करने के लिए और पोर्टल सक्रिय करने के बारे में सूचित किया जाएगा।
जिसके बाद, उम्मीदवारों को पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड करने के लिए उचित समय दिया जाएगा। अपलोड लिंक मौजूदा ओटीआर (वन टाइम रजिस्ट्रेशन) पोर्टल पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिसका उपयोग उम्मीदवारों की ओर से ऑनलाइन आवेदन करने के लिए किया गया था। इसके बाद उम्मीदवार अपने मौजूदा क्रेडेंशियल का उपयोग करके लॉगइन करने में सक्षम होंगे। कोई समस्या आने पर आयोग के हेल्प डेस्क से सहायता दी जाएगी।
अभी इस प्रक्रिया के द्वारा लेक्चरर स्कूल न्यू इतिहास, लेक्चरर स्कूल न्यू राजनीति शास्त्र और लेक्चरर स्कूल न्यू हिंदी के पदों के लिए मूल्यांकन किया जाएगा। इन भर्तियों की स्क्रीनिंग परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया गया है, अब अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का ऑनलाइन मूल्यांकन किया जाएगा। इसके बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।
जो अभ्यार्थी उपरोक्त पदों के लिए पात्र हैं, वो पोर्टल पर मूल दस्तावेजों की फोटो जेपीईजी या पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करनी होगी। अपलोड किए गए प्रत्येक दस्तावेज के संबंध में उम्मीदवार से इस आशय का एक घोषणा पत्र भी लिया जाएगा। किसी भी विसंगति के मामले में अभ्यर्थी की उम्मीदवारी को खारिज कर दिया जाएगा।


