हमीरपुर। भाजपा पंचायतीराज प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष प्यारे लाल शर्मा, भोरंज भाजपा मंडल के अध्यक्ष देशराज शर्मा, बड़सर भाजपा मंडल के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर व भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा ने केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर का आभार जताते हुए कहा है कि हमीरपुर जिला को कोरोना की लड़ाई जीतने के लिए व्यक्तिगत प्रयासों से अनुराग ठाकुर मदद भेज रहे हैं , जिसके लिए हमीरपुर जिला वासी उनके बहुत बहुत आभारी हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिमंडल में दायित्व निभाने के साथ-साथ अनुराग सिंह ठाकुर हमीरपुर वासियों का पूरा ख्याल रख रहे हैं। कोरोनकाल में समय-समय पर अनुराग ठाकुर ने दिल्ली से मेडिकल उपकरण, ऑक्सीजन सिलेंडर की सप्लाई और कोरोना की लड़ाई लड़ने के लिए जरूरी सामान की खेप हमीरपुर भेजी है।
भाजपा पदाधिकारीयों ने कहा कि आवश्यक उपकरणों एवं सामग्री की आपूर्ति के साथ-साथ केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने हमीरपुर लोकसभा के लोगों को स्वास्थ्य के क्षेत्र में घर द्वार पर सेवाएं उपलब्ध करवाने हेतु चलाई सांसद मोबाइल स्वास्थ्य सेवा की गाड़ियों को भी पूरी टीम के साथ कोरोना काल में कोविड डयूटी निभाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के सहयोग में दीं हैं। कोविड-19 में स्वास्थ्य के क्षेत्र में दी जा रही मदद के अभियान को अनुराग ठाकुर ने केवल हमीरपुर जिला या लोकसभा क्षेत्र तक ही सीमित नहीं रखा अपितु पूरे प्रदेश में वह कोरोना की लड़ाई जीतने के लिए सहायक मदद भेज कर सेवा की मिसाल कायम कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर द्वारा की जा रही स्वास्थ्य सेवा के मायने इसलिए भी ज्यादा बढ़ जाते हैं क्योंकि यह सारा अभियान उन्होंने अपने व्यक्तिगत प्रयासों से चलाया हुआ है।







