नई दिल्ली। भारत में पिछले कुछ महीनों में कोरोना महामारी की दूसरी लहर का प्रकोप देखने को मिला। मगर अब राहत की ख़बर ये है कि देश में कोरोना वायरस के संक्रमण में तेजी से गिरावट आ रही है। जहां एक तरफ, देश में कोरोना संक्रमण के दैनिक मामलों में कमी देखी जा रही है तो वहीं दूसरी ओर कोरोना की रिकवरी दर बढ़ रही है, जो पूरे देश के लिए सुखद ख़बर है। इसके अलावा आंकड़ों के मुताबिक कोरोना के सक्रिय मामले भी लगातार कम होते जा रहे हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना संक्रमण के कुल 62,224 नए मामले सामने आए हैं।हालांकि, इस दौरान कोरोना संक्रमण के कारण 2,542 लोगों की मौत भी हुई है, मगर जहां दिन भर में लाखों नए मामले सामने आ रहे थे वहां आंकड़ों में इतनी गिरावट सुखदाई ख़बर है।
इसके साथ ही कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। बीते 24 घंटों में देशभर में कोरोना से 1,07,628 लोग ठीक हुए है। इसको मिलाकर देश में अब तक कुल 2,83,88,100 लोग कोरोना से उबर चुके है। इससे देश की कोरोना रिकवरी दर बढ़कर 95.80% पर पहुंच गई है।
देश में कोरोना के सक्रिय मामले भी लगातार कम हो रहे हैं। बीते 24 घंटों में देश भर में कोरोना के 47,946 एक्टिव केस कम हुए हैं। इसको मिलाकर अब कुल 8,65,432 एक्टिव केस देश में बचे हैं। इससे देश की कोरोना एक्टिव दर घटकर 2.92% रह गई है। देश में कोरोना के नए मामले आने के बाद कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 2,96,33,105 हो गई है। नई मौतों के बाद, देश भर में कोरोना से होने वाली कुल मौतों की संख्या 3,79,573 हो गई है। भारत की कोरोना मृत्यु दर अभी 1.28% है।
फिहाल देश के ज़्यादातर हिस्सों में कर्फ्यू या lockdown जैसे हालात नहीं है, मगर अभी भी सतर्क रहने की ज़रूरत है। ताकि इन आंकड़ों को बढ़ने से रोका जा सके। इसके अलावा विशेषज्ञों का अयुमान है कि तीसरी लहर भी जल्द दस्तक दे सकती है, उसके लिए हमें पहले से ही तैयार रहने की ज़रूरत है।

