नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोरोना के खिलाफ फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए एक स्पेशल क्रैश कोर्स को लॉन्च किया। इसकी शुरुआत 26 राज्यों में फैले 111 प्रशिक्षण केन्द्रों में की जाएगी। जीसके जरिए देश में करीब 1 लाख फ्रंट लाइन कोरोना वॉरियर्स तैयार किए जाएंगे, जो कोरोना से लड़ाई में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस दौरान पीएम मोदी वर्चुअल माध्यम से कोरोना वारियर्स से भी मुखातिब हुए और पीएम मोदी ने कहा कि हर सावधानी के साथ, आने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए हमें देश की तैयारियों को और बढ़ाना होगा।
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज देश में करीब 1 लाख फ्रंट लाइन कोरोना वॉरियर्स तैयार करने का महाअभियान शुरु हो रहा है, कोरोना की दूसरी लहर में हम लोगों ने देखा कि इस वायरस का बार बार बदलता स्वरूप किस तरह की चुनौतियां हमारे सामने ला सकता है, ये वायरस हमारे बीच अभी भी है और इसके म्यूटेड होने की संभावना भी बनी हुई है.
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोरोना महामारी ने साइंस, सरकार, समाज, संस्था और व्यक्ति के रूप में हमें अपनी क्षमताओं का विस्तार करने के लिए सतर्क भी किया है, कोरोना से लड़ रही वर्तमान फोर्स को सपोर्ट करने के लिए देश में करीब 1 लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का लक्ष्य रखा गया है, ये कोर्स 2-3 महीने में ही पूरा हो जाएगा.
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस अभियान से कोविड से लड़ रही हमारी हेल्थ सेक्टर की फ्रंट लाइन फोर्स को नई ऊर्जा भी मिलेगी और हमारे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे, बीते 7 साल में देश में नए एम्स, नए मेडिकल कॉलेज, नए नर्सिंग कॉलेज के निर्माण पर बल दिया गया है, इनमें से कई ने काम करना भी शुरु कर दिया है।







