हिमाचल प्रदेश। केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट अफ़ेयर्स राज्यमंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए तैयार किए गए क्रैश कोर्स प्रोग्राम का शुभारम्भ करने पर उनका आभार प्रकट करते हुए इससे कोरोना के ख़िलाफ़ जंग में बड़ी मदद मिलने की बात कही है ।
इस मौके पर अनुराग ठाकुर ने कहा “ प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश कोरोना आपदा से पूरी ताक़त से लड़ रहा है । हमारे फ़्रंटलाइन वर्कर्स ने पूरी लगन व मेहनत से कोरोना के ख़िलाफ़ जंग में अपना योगदान दिया है। आज कोरोना के ख़िलाफ़ इस लड़ाई को और बल देने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी ने 26 राज्यों के 111 ट्रेनिंग सेंटरों से कोविड-19 हेल्थकेयर फ्रंटलाइन वर्कर्स के लिए विशेष रूप से तैयार प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कोरोना से लड़ रही फोर्स को सपोर्ट करने के लिए एक लाख युवाओं को प्रशिक्षित करने का निर्णय मोदी जी द्वारा लिया गया है जोकि दो से तीन महीने में पूरा हो जाएगा। मोदी जी के इस महाअभियान से कोविड से लड़ रही हमारी हेल्थ सेक्टर की फ्रंट लाइन फोर्स को बड़ी मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री जी के इस लोककल्याणकारी निर्णय के लिए मैं उनका आभार प्रकट करता हूँ”
आगे बोलते हुए केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा “ फ्रंटलाइन वर्कर्स के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत, उम्मीदवारों को निःशुल्क ट्रेनिंग, स्किल इंडिया का सर्टिफिकेट, भोजन व आवास सुविधा, काम पर प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड एवं प्रमाणित उम्मीदवारों को 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा प्राप्त होगा। फ्रंटलाइन वर्कर्स की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उम्मीदवार डीएससी/एसएसडीएम की व्यवस्था के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य सुविधाओं और अस्पतालों में काम कर सकेंगे। कोरोना वॉरियर्स को होम केयर सपोर्ट, बेसिक केयर सपोर्ट, एडवांस्ड केयर सपोर्ट, इमरजेंसी केयर सपोर्ट, सैंपल कलेक्शन सपोर्ट और मेडिकल इक्विपमेंट सपोर्ट जैसे 6 टास्क के बारे में ट्रेनिंग दी जाएगी जिसपर कुल 276 करोड़ रुपए का खर्च आएगा। मोदी जी द्वारा शुरू किया गया यह प्रोग्राम स्वास्थ्य के क्षेत्र में श्रमशक्ति की मौजूदा और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए कुशल गैर-चिकित्सा स्वास्थ्यकर्मियों को तैयार करेगा”







