नई दिल्ली: देश के सबसे बड़े बैंक स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के ग्राहकों के लिए बड़ी खबर है। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया आगामी एक जुलाई से बैंकिंग प्रक्रिया और बैंक से जुड़े कामों को लेकर कई नए और बड़े बदलाव करने जा रहा है। जाहिर तौर पर इन बदलावों का सीधा असर आपकी जेब पर भी पड़ेगा। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया अगले महीने की पहली तारीख से एटीएम, चेक बुक, ब्रांच से पैसा निकालने पर शुल्क लगाने वाला है जो ग्राहकों को जेब से देना होगा।
नए नियमों के अनुसार इन परिस्थितियों में भुगतना होगा शुल्क
नए नियमों के अनुसार SBI बैंक के ग्राहक अगर महीने में बैंक से 4 बार से अधिक बार पैसा निकालते हैं, तो इस स्थिति में बैंक उनसे एडिशनल चार्ज वसूलेगा। इस ट्रांजैक्शन में बैंक के एटीएम भी शामिल हैं। सरल भाषा में कहें तो अगर आप महीने में चार बार से अधिक बार एसबीआई ब्रांच या एटीएम से पैसा निकालते हैं तो उसपर आपको 15 रुपये और जीएसटी जोड़ कर शुल्क देना होगा। यह चार्ज हर एक अतिरिक्त ट्रांजैक्शन पर लगेगा। यह नियम गैर एसबीआई ब्रांच पर भी लागू है।
इसके अलावा बीएसबीडी ग्राहक SBI एटीएम और गैर एसबीआई से अगर चार बार से अधिक पैसा निकालते हैं तो उन्हें भी सर्विस चार्ज का भुगतान करना होगा। सर्विस चार्ज के नाम पर बैंक को 15 रुपये प्लस जीएसटी चार्ज देना होगा।
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के बीएसबीडी खाता धारकों से अब-तक 10 चेक वाली चेकबुक पर कोई चार्ज नहीं लिया जाता है, मगर आगामी 1 तारीख से 10 के बाद 40 रुपये प्लस जीएसटी चार्ज किया जाएगा। वहीं, 25 चेक वाली चेकबुक पर 75 रुपये चार्ज किए जाएंगे। जबकि इमरजेंसी चेकबुक पर 50 रुपये और जीएसटी चार्ज जोड़कर देना होगा। हालांकि सीनीयर सिटीजन को इन सुविधाओं के लिए कोई पैसा नहीं देना होगा।
अब समझिए क्या है बीएसबीडी अकाउंट
BSBD को आसान भाषा में जीरो बैलेंस अकाउंट बोला जाता है। इस बचत खाते की कई सारी खूबियां हैं। इस खाते में ग्राहक को एसबीआई के बचत खाते के बराबर ही ब्याज मिलता है, लेकिन साथ ही इस खाते में ग्राहकों को ऐसी कई स्पेशल सुविधाएं मिलती हैं, जो सामान्य बचत खाताधारकों को नहीं मिलती। इस खाते में ग्राहक को न्यूनतम बैलेंस रखने से छूट, फ्री एटीएम व डेबिट कार्ड और अधिकतम बैलेंस की सीमा से छूट सहित कई सुविधाएं मिलती हैं।

