न्यूज़ डेस्क: देश भर में आज राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस मनाया जा रहा है। ये दिन समर्पित है देश के उन चिकित्सकों के लिए, जिन्होंने इस कोरोना महामारी के विकट समय में भी निरंतर सेवाएं दी और बहुत से चिकित्सकों ने इस दौरान अपनी जान भी गवानी पड़ी।
दरअसल यह दिन जाने-माने चिकित्सक डॉक्टर बिधान चन्द्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि के अवसर पर मनाया जाता है। डॉक्टर रॉय पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री भी रहे थे। इसी के चलते कोविड नियमों का पालन करते हुए आज डॉक्टर्स डे के मौके पर कोलकाता और राज्य के कई अन्य स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ममता बेनर्जी ने पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धांजलि दी। ट्वीट संदेश में सुश्री बेनर्जी ने कोविड महामारी से संघर्ष में निस्वार्थ भाव से काम करने वाले संपूर्ण चिकित्सा जगत के कर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
स्वास्थ्य सेवा डॉक्टर्स संघ की राज्य इकाई ने महामारी के दौरान अपनी जान गंवा चुके डॉक्टरों को श्रद्धांजलि अर्पित की। भारतीय चिकित्सा संघ–आई एम ए के अनुसार कोविड 19 की दूसरी लहर के दौरान राज्य में 60 से अधिक डॉक्टर अपनी जान गंवा चुके हैं।

