शिमलाः कोरोना महामारी ने हिमाचल के पर्यटन कारोबार को भी बुरी तरह प्रभावित किया। मगर अब जैसे-जैसे बाज़ार खुलने लगे हैं और पर्यटक भी भारी मात्रा में प्रदेश में और खास तौर पर शिमला आने लगे हैं तो पर्यटन कारोबार को बढ़ाने के लिए पर्यटन निगम की ओर से कई विशेष नीतियों पर काम किया जा रहा है।
पर्यटन निगम के तहत आने वाले प्रदेश पर्यटन निगम के सभी होटल में पहाड़ी थाली की शुरुआत होने जा रही है. इसके लिए विशेष तौर पर थाली भी यमुनानगर से मंगाई जा रही हैं जो जल्द ही पर्यटन निगम के होटलों में पहाड़ी व्यंजनों का स्वाद चखने के लिए हाज़िर होंगी। इन विशेष थालियों में पर्यटक मंडियाली धाम, कांगड़ी धाम और चंबियाली धाम का स्वाद चख सकेंगे और खास बात ये, कि इसके लिए सिर्फ 180 चुकाने होंगे.
पहाड़ी सिड्डु का भी उठा पाएंगे आनन्द
पर्यटन निगम के होटलों से पर्यटकों के साथ स्थानीय लोग पहाड़ी सिड्डु का भी मजा ले सकेंगे. इसके लिए पर्यटन निगम की ओर से होटल में पहाड़ी सिड्डु परोसने के साथ-साथ टेक-अवे सर्विस भी उपलब्ध होगी। केवल 80 रुपए के मामूली दाम में लोग पहाड़ी सिड्डु का जायका ले सकेंगे।
एचपी टीडीसी के होटल-कैफे को नुकसान से उबारने की हो रही किवायते
पर्यटन निगम के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित कश्यप ने जानकारी देते हुए ने कहा कि कोरोना के कारण पर्यटन क्षेत्र पर नकारात्मक प्रभाव पड़ा है. हिमाचल प्रदेश की जीडीपी में पर्यटन का 7 फीससदी हिस्सा है. कोरोना की वजह से पर्यटन कारोबार पूरी तरह प्रभावित हुआ. उन्होंने कहा कि एचपीटीडीसी के 53 होटल और 17 कैफे को नुकसान से उबरने की कोशिश जारी है.
एचपी-टीडीसी के होटल में 30 से 40 डिस्काउंट
पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पर्यटन निगम की ओर से सभी एचपी-टीडीसी के सभी होटल में 30 फीसदी का डिस्काउंट दिया जा रहा है. इसके अलावा प्रदेश के दूरदराज इलाकों में बने होटल में विभाग की ओर से 40 फीसदी डिस्काउंट दिया जा रहा है.

