शिमला: उमंग फाउंडेशन लगातार प्रदेश में अपने समाजसेवी कार्यों से समाज सेवा में कार्यरत है। सेवा की दिशा में एक और कीर्तिमान स्थापित करते हुए उमंग आगामी 5 सितंबर को कोरोना काल में अपना 22 वां रक्तदान शिविर लगाने जा रहा है।
5 सितंबर की तारीख कई मायनों में बेहद खास है। यह दिन जितना शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए खास है उतना ही किसी आम भारतीय के लिए। 5 सितंबर को भारत के पहले उपराष्ट्रपति और दूसरे राष्ट्रपति डॉक्टर सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती है, जो शिक्षक दिवस को समर्पित है। जब भारत आजादी की 75 वीं वर्षगांठ मना रहा है, ये मौका है सर्वपल्ली राधाकृष्णन के मूल्यों को याद करने का। सर्वपल्ली की जयंती को आजादी के अमृत महोत्सव का हिस्सा बना कर उनके मूल्यों को पुनः जीवित किया जा सकता है और इस महायज्ञ में उमंग भी अपनी सहयोग आहुति देने से पीछे नहीं है।
कोरोना काल में उमंग का 22 वां रक्तदान शिविर
उमंग फाउंडेशन अक्सर अपने समाज सेवा कार्यों के लिए खबरों में रहती है। आजादी के अमृत महोत्सव व शिक्षक दिवस विशेष उमंग फाउंडेशन रक्तदान शिविर का आयोजन करने जा रही है। यह रक्तदान शिविर कोरोना काल में उमंग फाउंडेशन का 22 वां रक्तदान शिविर होने जा रहा है, जिसमें उमंग युवक मण्डल क्यार कोटी के साथ मिल कर 5 सितंबर को क्यार कोटी में शिविर लगाएगा।
उमंग फाउंडेशन के ट्रस्टी विनोद योगाचार्य ने कहा कि राजकीय उच्च पाठशाला क्यार कोटी में हो रहे रक्तदान शिविर में स्थानीय विधायक राणा अनिरुद्ध सिंह मुख्य अतिथि होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय ग्राम पंचायत चैड़ी के प्रधान भुवनेश्वर शर्मा करेंगे।

विनोद योगाचार्य ने ने जानकारी देते हुए बताया कि उमंग फाउंडेशन ने कोरोना काल की विकट परिस्थितियों में शिमला के अस्पतालों में मरीजों के लिए अभी तक 21 रक्तदान शिविर लगाए हैं। यह उमंग का 22 वां रक्तदान शिविर हैं।
लॉकडाउन में गरीबों का सहारा बनी उमंग फाउंडेशन
उमंग फाउंडेशन ने लॉक डाउन में सैकड़ों प्रवासियों व गरीब मजदूरों को राशन, सैनिट्री नैपकिन व बच्चों को चॉकलेट बाँटने से लेकर सर्दियों में सड़कों पर सोने वाले लोगों को कम्बल बांटने का अभियान चलाया। इस बरसात उमंग फाउंडेशन ने शिमला ग्रामीण में 800 पौधे ग्रामीण सड़कों के किनारे लगाए और पर्यावरण संरक्षण व प्लास्टिक मुक्त हिमाचल के लिए भी लोगों को जागरूक किया।

