बड़सर: बड़सर भाजपा मंडल ने जारी बयान में कहा कि बड़सर विधानसभा में कांग्रेस का विधायक होने के कारण ही क्षेत्र के विकास कार्य रुके हैं। भाजपा मंडल के अध्यक्ष कुलदीप ठाकुर, महामंत्री चतर सिंह कौशल, रमेश शर्मा,विकास पटियाल, भाजयुमो मंडल अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा है कि पिछले नौ सालों से बड़सर में कांग्रेस का विधायक रहा है लेकिन इस कार्यकाल के दौरान विकास कार्य शून्य पर आ गया है। विधायक द्वारा एक भी योजना शुरू नहीं करवाई जा सकी। जबकि पूर्व विधायक बलदेव शर्मा द्वारा चलाई गई योजनाओं को भी विराम लगा के रख दिया है। विधायक ने अपना और अपने चहेतों का ही विकास करवाया है। उन्होंने बताया कि पूर्व विधायक बलदेव शर्मा के कारण विस् क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा है। विस् क्षेत्र के हर गांव पंचायत को सड़क से जोड़ा गया। प्रधानमंत्री सड़क योजना से गांवों को सड़कों से जोड़ा गया। नाबार्ड से सड़कों व पुलों का निर्माण किया गया। लोगों को पीने के पानी मुहैया कराने के लिए पेयजल योजनाएं स्वीकृत करवाई गई। जबकि पहले गर्मियों में टैंकरों द्वारा पानी पहुंचाया जाता था। उन्होंने कहा कि बड़सर में मिनी सचिवालय और बस अड्डे का निर्माण कार्य भी कांग्रेस विधायक के कारण ही रुका रहा तथा 9 सालों से निर्माण कार्य को फाइलों में ही उलझा कर रख दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक बलदेव शर्मा के आग्रह पर ही मुख्यमंत्री विस क्षेत्र में आ रहे हैं तथा वे विधायक ना होते हुए भी क्षेत्र में विकास कार्यों को गति लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं।


