हमीरपुर: बुजुर्गों के आशीर्वाद और शहर के लोगों के सहयोग से हमीरपुर के युवाओं ने बहुत बड़े पुण्य का काम किया है। महाराष्ट्र में बहुत बड़े स्तर पर जगह-जगह मनाए जाने वाले गणपति उत्सव का आयोजन युवाओं द्वारा हमीरपुर में किया जा रहा है, जिसके लिए वह बधाई के पात्र हैं।
साधारणत ऐसे काम बड़े बुजुर्गों द्वारा किए जाते हैं, लेकिन हमीरपुर में युवाओं द्वारा इसका आयोजन पिछले 10 वर्षों से लगातार किया जा रहा है जो वाक़ेई में ही प्रशंसनीय है। सोमवार देर शाम को हमीरपुर के शिव मंदिर में गणपति बप्पा मोरया कमेटी द्वारा आयोजित 10वें गणपति उत्सव में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो० प्रेम कुमार धूमल ने गणपति बप्पा से आशीर्वाद लेने के उपरांत उपस्थित शहर वासियों को संबोधित करते हुए यह बात कही। गणपति उत्सव में पहुंचने पर गणपति बप्पा मोरिया कमेटी के सदस्यों, नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष एवं अन्य पार्षदों सहित हमीरपुर शहर के प्रमुख लोगों व भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत अभिनंदन किया। हर वर्ष मनाया जाने वाला यह उत्सव इस बार 10 सितंबर को शुरू हुआ है और 19 सितंबर तक चलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गणपति बप्पा की स्तुति में गाए जा रहे भजनों का श्र्वनानंद भी लिया।
गणपति उत्सव के इतिहास के बारे में बताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे आजादी के संघर्ष से गणपति उत्सव मनाए जाने की यादें जुड़ी हुई हैं। बाल गंगाधर तिलक स्वतंत्रता संग्राम के बहुत बड़े सेनानी हमारे देश में हुए। आजादी के संघर्ष में उन्होंने लोगों को गणपति उत्सव के माध्यम से एकत्रित करने की मुहिम शुरू की थी। शुरू में यह उत्सव महाराष्ट्र के इक्का-दुक्का स्थानों पर मनाया जाता था और बाद में पूरे महाराष्ट्र से होते हुए यह उत्सव उत्तर भारत के कई राज्यों में मनाया जाने लगा है। हिमाचल में भी इन दिनों गणेश उत्सव बड़े श्रद्धा और विश्वास से मनाया जा रहा है। जिला हमीरपुर में भी दो स्थानों पर हमीरपुर में पिछले 10 वर्षों से और सुजानपुर में पिछले 4 वर्षों से यह उत्सव मनाया जा रहा है। इस मौके पर उपस्थित लोगों का आह्वान करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि गणपति बप्पा जिनको हम विघ्नहरता के नाम से भी मानते हैं, सब लोग उनका आशीर्वाद ले लेकिन साथ में मास्क और सोशल डिस्टेंसिंग जैसे कोविड सुरक्षा मानकों का भी ध्यान रखें। गणपति बप्पा से आशीर्वाद लेते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने अगले वर्ष आने वाले गणपति उत्सव तक रोग मुक्त भारत की कामना की है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान श्री गणेश सब के दुख हरते हैं और वह समाज में व्याप्त इस महामारी को खत्म भी करेंगे और देश को सुखी एवं समृद्ध बनाएंगे।
इस अवसर पर गणपति बप्पा मोरिया कमेटी के पदाधिकारियों ने पूर्व मुख्यमंत्री को समृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस मौके पर गणपति बप्पा मोरिया कमेटी के सदस्यों व नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष उपाध्यक्ष और कई पार्षदों सहित पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष आनंद स्वरूप अनिल ठाकुर भाजपा जिला महामंत्री हरीश शर्मा धर्मेंद्र शर्मा जिला मीडिया प्रभारी अंकुश दत्त शर्मा कोषाध्यक्ष तेज प्रकाश चोपड़ा भाजयुमो जिला अध्यक्ष अजय रिंटू विकास शर्मा विशाल पठानिया अभिषेक मनु अनीश ठाकुर विशाल कतना इत्यादि सहित भारी संख्या में शहरवासी महिलाएं और बच्चे उपस्थित रहे।



