नई दिल्ली: भारत भूमि पर जन्मी हिन्दी भाषा आज विश्व की सर्वाधिक बोले जाने वाली भाषओं में से एक है, जो न केवल भारत में अपितु विश्व के कई दूसरे देशों में भी बोली जाती है। आज हिन्दी दिवस है और इस अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री और खेल तथा युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने सभी देशवासियों को हिन्दी दिवस की बधाई देते हुए देशवासियों से हिन्दी के अधिक से अधिक कामकाज में उपयोग और इस सरल भाषा प्रचार प्रसार की अपील की।
हिन्दी दिवस के अवसर पर केंद्रीय मंत्री और हिमाचल से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने देशवासियों से अपील करते हुए कहा, भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में हिन्दी भाषा ने लोगों को संपर्क और संवाद के एक सूत्र में बांधकर अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिन्दी भाषा के इसी महत्व को समझते हुए भारत की संविधान सभा ने 14 सितंबर, 1949 को हिन्दी भाषा को भारत गणराज्य की कामकाज की भाषा अर्थात राजभाषा के रूप में अपनाया।
संपूर्ण देश में विकासात्मक कार्यों को जन-साधारण तक पहुंचाने में राजभाषा हिन्दी की विशेष भूमिका रही है। भारत सरकार के विभिन्न कार्यक्रमों और योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और नए भारत के निर्माण में राजभाषा हिन्दी उपयोगी सिद्ध हो रही है। इस संदर्भ में, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की भूमिका और ज्यादा महत्वपूर्ण हो जाती है जब मंत्रालय को समस्त जानकारी निरंतर और तत्काल आम जनता तक पहुंचाने का दायित्व सौंपा गया हो। राष्ट्र की भाषा जब विकास की वाहक बनती है तो नागरिकों में राष्ट्र के प्रति प्रेम और सरकार के प्रति विश्वास बढ़ता है। अत: राजभाषा हिन्दी का प्रचार-प्रसार हमारा संवैधानिक दायित्व होने के साथ-साथ सामूहिक उत्तरदायित्व भी है।
आइए, हिन्दी दिवस के पावन अवसर पर यह संकल्प लें कि हम सभी सरल और सुबोध भाषा का प्रयोग करके अपना अधिकांश कामकाज राजभाषा हिन्दी में करेंगे और अपने साथियों को भी हिन्दी में काम करने के लिए प्रेरित करेंगे।

