चंडीगढ़: लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक घमासान के बाद पंजाब राजनीतिक स्थिरता की ओर बढ़ता नजर आ रहा है। सोमवार को कांग्रेस नेता चरण जीत सिंह चन्नी ने पंजाब के नव मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वे पंजाब राज्य के 16वें मुख्यमंत्री बने हैं और पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में आज राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।
इसके अलावा उनके साथ दो वरिष्ठ विधायक सुखजिंदर सिंह रंधावा और ओ पी सोनी ने भी कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली और वे राज्य के उपमुख्यमंत्री भी होंगे। सोनी अमृतसर सेंट्रल विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं जबकि रंधावा डेरा बाबा नानक विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं।
नाटकीय ढंग से हुआ बदलाव, कई नामों पर अंतिम समय पर मुहर
नाटकीय ढंग से हुए इस नए बदलाव पहले पार्टी के और बड़े नाम भी मुख्य मंत्री पद की चर्चा के केंद्र बने रहे मगर अंततः पार्टी ने चरणजीत सिंह चन्नी के नाम पर सहमति जताई इसके अलावा अंतिम समय में ब्रहम महिंद्रा के स्थान पर ओ पी सोनी का नाम भी प्रस्तुत किया गया। बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेता ब्रहम महिंद्रा ने उपमुख्यमंत्री पद स्वीकार करने से इंकार कर दिया था। इस अवसर पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू, विधानसभा अध्यक्ष राणा के पी सिंह और राज्यसभा सदस्य अंबिका सोनी उपस्थित थे।
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह समारोह में नहीं हुए शामिल
पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह इस समारोह से नदारद रहे। हालांकि अमरिंदर सिंह इस्तीफे के बाद ही उनके स्थान पर चरणजीत सिंह चन्नी ने नव मुख्यमंत्री की शपथ ली। प्रदेश कांग्रेस के भीतर लंबे समय से चल रहे विवाद का परिणाम कुछ यूं निकला कि कैप्टन अमरिंदर ने पार्टी द्वारा कथित रूप से अपमानित होने के बाद मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और अब चरणजीत सिंह चन्नी 16 वें मुख्यमंत्री की रूप में पंजाब को सेवाएं देंगे।
केंद्र पंजाब के विकास के लिए राज्य के साथ मिलकर करेगा काम: PM मोदी
पंजाब में हुए इस बड़े बदलाव के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पंजाब राज्य के नव मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को बधाई देते हुए कहा है कि केन्द्र सरकार राज्य के लोगों के विकास के लिए पंजाब सरकार के साथ मिलकर काम करेगी।



