शिमला: मंगलवार को शहीद ए आजम सरदार भगत सिंह की जन्म जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय इकाई ने विश्वविद्यालय परिसर में शहीद भगत सिंह की चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए और देशभक्ति भरे गीत गाते हुए शहीद भगत सिंह को याद किया।
राष्ट्र के प्रति स्कारतमक भाव उत्पन्न करना भगत सिंह का सर्वोच्च योगदान: आकाश नेगी
इकाई सचिव आकाश नेगी ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि शहीद भगत सिंह जी का युवाओं में देश और राष्ट्र के प्रति स्कारतमक भाव उत्पन्न करने का योगदान सर्वोच्च है।
मात्र 23 वर्ष की आयु में देश के प्रति इतना गहरा चिंतन और देशहित में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने का जज्बा सरदार भगत सिंह जी ने दिखाया है। वर्तमान समय में उनके विचारों को युवाओं को पढ़ने और समझने की आवश्यकता है देश के प्रति उनका भाव सदैव सकारात्मकता भरा रहा है।

उन्होंने किस प्रकार से अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ प्रखर रूप से आवाज उठाई और किस प्रकार का उनका संघर्ष रहा है वर्तमान समय में युवा पीढ़ी को अध्ययन करने की आवश्यकता है। आकाश नेगी ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद सदैव शहीद भगत सिंह जी की जन्म जयंती और उनकी पुण्यतिथि पर कोई न कोई आयोजन कर उनके आदर्शो और उनके विचारों को युवाओं तक पहुंचाने का कार्य करती रहती है, आज के दिन भी विद्यार्थी परिषद ने पुष्पांजलि अर्पित कर महामारी से बचाव के सभी मापदंडों को अपनाते हुए परिसर में गीत गाते हुए शहीद भगत सिंह जी की जन्म जयंती के रूप में आयोजन कर युवाओं के देश के प्रति कुछ करने का भाव जागृत किया।

