हमीरपुर: लगातार आसमान को छूती महंगाई त्रस्त आम जनता को ने थोड़ी राहत की सांस ली है। दिवाली के मौके पर केंद्र सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दामों में कुछ कटौती की जिसको लेकर हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के नेता प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने प्रतिक्रिया देते हुए इस फैसले का स्वागत किया है। प्रोफेसर धूमल ने कहा कि पेट्रोल, डीजल की कीमतें कम करके केंद्र व प्रदेश सरकार ने जनता को दीपावली का तोहफा दिया है। हमीरपुर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों को कम करने के लिए लिए गए केंद्र और प्रदेश सरकार के निर्णय का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकारों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में कमी करके जनता तक और अधिक राहत पहुँचाने का सराहनीय कार्य किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी द्वारा देशवासियों को दिए गए दीपावली के इस तोहफ़े से आम व्यक्ति को राहत मिलेगी।प्रधानमंत्री ने पेट्रोल व डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर उनकी कीमत को क्रमशः ₹5 व ₹10 कम करके दीपावली पर आम जनता को बहुत बड़ी राहत दी है। तो वहीं हिमाचल प्रदेश सरकार ने भी पेट्रोल डीज़ल की कीमतों में कमी की है। जिससे हिमाचल में जनता को पेट्रोल व डीज़ल क्रमशः ₹12 और ₹17 कम कीमत पर उपलब्ध होगा। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी कीमतों के बाद भी दी गयी ये राहत बहुत ही संवेदनशील निर्णय है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस निर्णय के लिए केंद्र व प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया है। पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों को भाई दूज की शुभकामनाएं भी दी हैं।



