नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऐलान के बाद तीनों कृषि कानूनों की वापसी पर आज संसद की मुहर भी लग गई। संसद में विपक्ष कृषि कानूनों की वापसी के बिल पर चर्चा की मांग पर अड़ा था, लेकिन सरकार चर्चा को तैयार नहीं था। विपक्ष के जोरदार हंगामे के बीच कृषि कानूनों की वापसी का बिल लोकसभा और राज्यसभा से पास हो गया। अब राष्ट्रपति के मंजूरी मिलते ही तीनों कानून रद्द हो जाएंगे।
बहस से डरती है सरकार राहुल
बता दें कि दोनों ही सदनों से वापसी के बिल बिना चर्चा के पास हो गए। इस पर राहुल गांधी ने कहा कि सरकार बहस से डरती है। उन्होंने कहा कि हम जानते थे कि तीनों कानून वापस होंगे और हमें ये भी पता था कि 3-4 बिजनेसमैन भारत के किसानों से ज्यादा ताकतवर नहीं हैं। ये किसानों की जीत है।
हर सवाल का जवाब देगी सरकार
प्रधानमंत्री मोदी ने संसद सत्र से पहले कहा कि संसद का ये सत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। हम सभी सवाल के जवाब देने के लिए तैयार है, लेकिन संसद की गरिमा, स्पीकर की गरिमा, इन सबके विषय में हम वो आचरण करें जो आने वाले दिनों में युवा पीढ़ियों के काम आए।
उन्होंने कहा कि देश आजादी के अमृत महोत्सव मना रहा है। हिंदुस्तान में चारों दिशाओं में से इस आजादी के अमृत महोत्सव के निमित्त रचनात्मक, सकारात्मक, जनहित, राष्ट्रहित के लिए, सामान्य नागरिक, अनेक कार्यक्रम कर रहे हैं।

