ऊना: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के दौरान ऊना जिला से संबंध रखने वाले शिक्षक राम कुमार जोशी का जिक्र किया। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर उनका जिक्र किए जाने से जहां शिक्षक रामकुमार गर्व महसूस कर रहे हैं, वही अपनी कला से प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले राम कुमार जोशी आज जिला ही नहीं प्रदेश भर में भी चर्चा का केंद्र बने हैं।
राज्य पुरस्कार से सम्मानित राम कुमार
सूक्ष्म लेखक और शिक्षक राज्य पुरस्कार से सम्मानित राम कुमार जोशी ने सूक्ष्म लेखन शैली के प्रयोग से भगवानों, प्रसिद्ध नेताओं और कई बड़ी हस्तियों के चित्र बनाए हैं। जिला ऊना के गांव भटोली निवासी राम कुमार जोशी शिक्षक के पद पर राजकीय प्राथमिक केंद्र पाठशाला जखेड़ा में कार्यरत हैं।
35 वर्षों से सूक्ष्म लेखन से बना रहे चित्र
बता दें कि राम कुमार जोशी इस सूक्ष्म लेखन शैली में पिछले 35 वर्ष से सूक्ष्म लेखन से चित्र बना रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम कुमार जोशी की प्रतिभा की उन्मुक्त कंठ से प्रशंसा की। प्रधानमंत्री ने हर्ष व्यक्त किया कि राम कुमार जोशी ने एक छोटे से पोस्ट स्टैंप पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र बनाए हैं।







